Advertisement

आज जिले में मनाया जाएगा संविधान दिवस

आज जिले में मनाया जाएगा संविधान दिवस

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – भारतीय संविधान, जिसे 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था, को अपनाने के इस महत्वपूर्ण दिन को प्रत्येक वर्ष “संविधान दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में संविधान दिवस 2025 के अवसर पर राज्य शासन द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन का निर्णय लिया गया है। जिले में कार्यालय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संविधान दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए हैं।
जिले में संविधान दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु सुश्री अल्का एक्का, अनुविभागीय अधिकारी (रा.), पांढुर्णा को नोडल अधिकारी तथा श्रीमति बन्दु सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पांढुर्णा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्राप्त निर्देशों के परिपालन में जिला स्तरीय कार्यक्रमों की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएँ एवं इसका सुचारू संचालन संबंधित विभाग प्रमुखों द्वारा किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
संविधान दिवस के अंतर्गत आज विभिन्न महत्वपूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन, वेबसाइट https://constitution75.com से उपलब्ध प्रदर्शनी एवं फिल्म का प्रदर्शन, तथा MyGov.in के माध्यम से ऑनलाइन संविधान दिवस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन शामिल है। जिला मुख्यालय, तहसील, पंचायत और ग्राम स्तर पर उद्देशिका का सामूहिक वाचन आयोजित किया जाएगा, जिसमें शासकीय सेवकों के साथ-साथ आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इन गतिविधियों से संबंधित वीडियो www.constitution75.com पर अपलोड किए जाएंगे।
इसी क्रम में सभी स्कूलों और कॉलेजों में विशेष सभाएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें भारतीय संविधान की विशिष्टता, संविधान सभा का महत्व एवं योगदान, तथा संविधान सभा की महिला सदस्यों की भूमिका पर विशेष चर्चा की जाएगी। साथ ही, स्कूलों, पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संविधान की उद्देशिका का भित्ति लेखन (वॉल आर्ट) भी निर्मित किया जाएगा, जिससे नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता और अधिक बढ़ सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!