मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति पर बैठक सम्पन्न, आवश्यक निर्देश जारी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा – विधानसभा क्षेत्र में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) की प्रगति की समीक्षा हेतु मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) पांढुर्णा श्रीमती अलका इक्का ने की।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, तहसीलदार श्री विनय प्रकाश ठाकुर, विभिन्न धर्मगुरु, तथा अलग-अलग समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में SIR कार्यों—नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम हटाने, सुधार, घर-घर सत्यापन तथा मतदान केंद्रों की व्यवस्था—से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों व सदस्यों को समयसीमा में कार्य पूरा करने, पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने हेतु जागरूकता फैलाने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि रहित सूची तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी धर्मगुरुओं व समाज जनों से अपील की कि वे युवाओं, नए पात्र मतदाताओं और छूटे हुए नागरिकों को मतदाता सूची सुधार अभियान से जोड़ने में सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक आवेदन का समय पर निराकरण सुनिश्चित करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य की सतत मॉनिटरिंग करें।


















Leave a Reply