“मुस्कान अभियान” के तहत बिरसा मुंडा जयंती पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम, एमपीएल ग्राउंड पांढुर्णा में लगा सुरक्षा जागरुकता का अनोखा संगम
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुर्णा पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में 01 से 30 नवंबर 2025 तक गुमशुदा नाबालिग बालक-बालिकाओं की पतासाजी एवं दस्तयाबी हेतु संचालित “मुस्कान विशेष अभियान” के तहत जिलेभर में जन-जागरूकता गतिविधियाँ जोर-शोर से जारी हैं। इसी कड़ी में 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर थाना पांढुर्णा द्वारा एमपीएल ग्राउंड में एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री सुन्दर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज कुमार सोनी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बिरसा मुंडा दिवस समारोह में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं नागरिक उपस्थित रहे, जहाँ पुलिस विभाग की ओर से विभिन्न सुरक्षा विषयों पर जानकारीपूर्ण प्रदर्शनी लगाई गई।
मुस्कान अभियान पर विस्तृत जानकारी
पुलिस टीम ने “मुस्कान अभियान” के लक्ष्य, प्रक्रियाओं और नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आम नागरिकों को जागरूक किया। उपस्थित लोगों को गुमशुदा बच्चों की पहचान, रिपोर्टिंग और पुलिस द्वारा उठाए जाने वाले त्वरित कदमों के बारे में बताया गया।
महिला सुरक्षा—सेल्फ डिफेंस और हेल्पलाइन जानकारी
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने महिलाओं और छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबर और महिला हेल्प डेस्क की सुविधाओं तथा सेल्फ डिफेंस के मूलभूत उपाय
की जानकारी दी। छात्राओं ने महिला सुरक्षा संबंधी स्टॉल में गहरी रुचि दिखाई।
साइबर फ्रॉड—ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
साइबर सेल के अधिकारियों ने
फिशिंग कॉल,ओटीपी शेयरिंग,सोशल मीडिया फ्रॉड,UPI ठगी जैसी बढ़ती साइबर अपराध प्रवृत्तियों से बचाव के उपाय समझाए।
साथ ही “साइबर हेल्पलाइन 1930” की महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
हार्टफुलनेस—तनाव मुक्ति ध्यान सत्र
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहा हार्टफुलनेस मेडिटेशन का लाइव सत्र, जिसमें प्रशिक्षकों ने तनाव मुक्त रहने, एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने के लिए सरल ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया। छात्र-छात्राओं ने ध्यान को उत्साह के साथ अपनाया।
नशा मुक्ति एवं अपराध रोकथाम पर जागरुकता
नशे के दुष्परिणामों, युवाओं पर उसके प्रभाव और समाज को सुरक्षित बनाने में नशा मुक्त समाज की भूमिका पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने नशे से दूर रहने, गलत संगति से बचने और नशा विक्रेताओं की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
बाल-मित्र पुलिस और राहवीर योजना का संदेश
कार्यक्रम में बाल-मित्र पुलिस,राहवीर योजना,यातायात सुरक्षा,अपराध से बचाव से जुड़े विषयों ने बच्चों और युवाओं को उपयोगी जानकारी से समृद्ध किया।
पुलिस कर्मियों ने बच्चों को बताया कि किस प्रकार वे स्वयं तथा अपने आसपास के बच्चों की सुरक्षा में सहयोग कर सकते हैं।
नागरिकों ने की पुलिस की पहल की सराहना
बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम में लगे विभिन्न स्टॉलों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और पुलिस की इस पहल की प्रशंसा की। लोगों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच संवाद को भी मजबूत करते हैं।
पांढुर्णा पुलिस द्वारा निरंतर कार्यक्रम जारी
पांढुर्णा पुलिस द्वारा “मुस्कान अभियान” के तहत आगामी दिनों में भी स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि बाल सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति समाज लगातार जागरूक रहे।


















Leave a Reply