सौंसर विधानसभा में एजेंटों के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रशिक्षण आयोजित
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना/ सौसर -भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अन्ना भाऊ साठे मंगल भवन में सौंसर विधानसभा क्रमांक-125 के अंतर्गत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिये विभिन्न राजनीतिक दलों के 116 बूथ लेवल एजेंटों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम एजेंटों की भूमिका, कार्य एवं सहयोग के अंतर्गत विभिन्न बिंदुओं पर केंद्रित रहा।
प्रशिक्षण का संचालन अनुविभागीय अधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री सिध्दार्थ पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में श्री सूर्यकीर्ति काले एवं श्री प्रदीप गोहत्रे मास्टर ट्रेनर के रूप में उपस्थित थे। प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौंसर श्री मौसम पालेवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में बताया गया कि पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता की जानकारी एकत्र कर गणना फॉर्म भरना, प्रारूप मतदाता सूची जारी होने के बाद यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो नाम जुड़वाने की प्रक्रिया प्रारंभ करना, महिला मतदाताओं के नाम उनके पिता या माता की 2003 की स्थिति अनुसार मतदाता सूची से मिलान करना जैसी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। इसके साथ ही निर्वाचक नामावली के शुद्धिकरण के लिये फॉर्म क्रमांक 6 (नया नाम जोड़ने के लिये), घोषणा पत्र क्रमांक 4, फॉर्म क्रमांक 7 (नाम हटाने के लिये) तथा फॉर्म क्रमांक 8 (संशोधन के लिये) भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि ईसीआई की वेबसाइट पर 2003 की मतदाता सूची ऑनलाइन देखी जा सकती है। प्रशिक्षण में विशेष रूप से क्षेत्रीय विधायक श्री विजय चौरे, डॉ. यमदे, दर्शन झाडे आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्री निलेश चटप एवं श्री भास्कर सिरसे का सहयोग रहा।



















Leave a Reply