Advertisement

कपास किसानों के हित में पांढुर्णा कलेक्टर श्री वशिष्ठ की अपील: फसल वर्ष 2025-26 के लिये “कपास किसान” मोबाइल ऐप के माध्यम से करें पंजीकरण

कपास किसानों के हित में पांढुर्णा कलेक्टर श्री वशिष्ठ की अपील: फसल वर्ष 2025-26 के लिये “कपास किसान” मोबाइल ऐप के माध्यम से करें पंजीकरण

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा रुई वर्ष 2025-26 (अक्टूबर–सितंबर) के लिए कपास की दो प्रमुख किस्मों—उचित (फेयर) औसत गुणवत्ता की मध्यम लंबाई वाली कपास (मीडियम स्टेपल कॉटन), जिसके रेशे की लंबाई 24.5 मि.मी. से 25.5 मि.मी. और माइक्रोनेयर मान 4.3 से 5.1 है तथा लंबी रेशे वाली कपास (लॉन्ग स्टेपल कॉटन), जिसके रेशे की लंबाई 29.5 मि.मी. से 30.5 मि.मी. और माइक्रोनेयर मान 3.5 से 4.3 है के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) घोषित किया गया है। मध्यम लंबाई वाली कपास का समर्थन मूल्य ₹7710 प्रति क्विंटल तथा लंबी रेशे वाली कपास का समर्थन मूल्य ₹8110 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उपरोक्त दोनों प्रमुख किस्मों के समर्थन मूल्य गुणवत्ता, सामान्य मूल्य अंतर तथा अन्य संबंधित तथ्यों को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ औसत गुणवत्ता (एफएक्यू) के आधार पर तय किए गए हैं।

पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं उप संचालक कृषि छिंदवाड़ा/पांढुर्णा श्री जितेन्द्र कुमार सिंह ने जिले के सभी कपास उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे फसल वर्ष 2025-26 से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के अंतर्गत कपास विक्रय के लिए अपना पंजीकरण “कपास किसान” मोबाइल ऐप के माध्यम से समय पर अवश्य कराएं। यह मोबाइल ऐप 30 अगस्त 2025 से प्ले स्टोर (एंड्रॉइड) एवं ऐप स्टोर (आईओएस) पर उपलब्ध रहेगा।

उप संचालक कृषि श्री सिंह ने बताया कि पंजीकरण अवधि 1 सितम्बर 2025 से प्रारंभ होकर 31 दिसम्बर 2025 तक रहेगी। पंजीकरण की प्रक्रिया सरल है, जिसे किसान तीन आसान चरणों में पूरा कर सकते हैं-

1. कपास किसान ऐप डाउनलोड करें।

2. निम्नलिखित दस्तावेज तैयार रखें — भूमि अभिलेख, कपास फसल की बुवाई क्षेत्र से संबंधित राजस्व विभाग द्वारा प्रमाणित अभिलेख, मान्य आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो आदि।

3. उपरोक्त अवधि में स्व-पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण करें।

सभी कपास किसानों को सलाह दी गई है कि वे भारतीय कपास निगम लिमिटेड (सीसीआई) द्वारा किसानों के हित में जारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना का लाभ उठाने के लिये समय पर पंजीकरण अवश्य कराएं।
अधिक जानकारी के लिए किसान मैनेजर श्री बघेल के मोबाइल नंबर- 9437235033 पर तथा फील्ड अधिकारी श्री अजय वर्मा के मोबाइल नंबर- 8358063483 पर संपर्क कर सकते हैं। उप संचालक कृषि श्री सिंह द्वारा कपास एवं तूअर की फसलों का निरीक्षण भी किया गया। उन्होंने मोहगांव हवेली के किसान प्रवीण सोमकुंवर के खेत का भ्रमण कर फसलों की स्थिति देखी एवं तकनीकी सुझाव प्रदान किए। पांढुर्णा कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने पांढुर्णा जिले के सभी किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कर एमएसपी योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!