भ्रष्टाचार मुक्त संगठन के अध्यक्ष पर FIR दर्ज, गाली-गलौज और धमकी का मामला
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

सौंसर/पांढुर्णा: नवगठित जिला पांढुर्णा के सौंसर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ‘भ्रष्टाचार मुक्त मध्यप्रदेश संगठन’ की सौंसर इकाई के अध्यक्ष दिनेश लाडसे पर एक स्थानीय महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। लोधीखेड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला पंजीकृत कर लिया है।
क्या है मामला?
पिपला ना-वार की निवासी दीक्षा गिरगुसे ने अपने आवेदन में बताया कि 4 अक्टूबर 2025 को रात लगभग 8 बजे लाडसे ने उन्हें फोन पर गाली-गलौज की। उन्होंने आरोप लगाया कि लाडसे ने उनकी जाति पर अपमानजनक टिप्पणी की। शिकायत के अनुसार, लाडसे ने आवेदिका पर राजनीतिक पार्टी का समर्थन छोड़ने और उनके संगठन को समर्थन देने का दबाव बनाया। धमकी दी गई कि समर्थन न करने पर उन्हें जान से मार दिया जाएगा या विपक्ष पार्टी का दबाव बनाकर उठवा लिया जाएगा।
पुलिस ने की पुष्टि
लोधीखेड़ा थाना प्रभारी (टीआई) ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आवेदिका दीक्षा नंदकुमार गिरगुसे की लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। टीआई के अनुसार, आरोपी दिनेश लाडसे को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
अजय चौरे का पुलिस और माफिया पर आरोप
लाडसे के सहयोगी भूतपूर्व विधायक अजय चौरे ने इस कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया बयान में साफ आरोप लगाया कि दिनेश लाडसे को सौंसर में चल रहे हजारों करोड़ के अवैध रेत उत्खनन और माफियाओं के खिलाफ लगातार आवाज़ उठाने के कारण पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। चौरे ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि दमन करने से आवाज़ नहीं दबेगी और यदि बेकसूर लाडसे को प्रताड़ित किया गया तो वह सैकड़ों साथियों के साथ गिरफ्तारी देने को तैयार हैं।
अब क्या?
एफआईआर दर्ज होने और टीआई द्वारा न्यायालय में पेश करने की पुष्टि के बाद, अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस ने लाडसे पर कौन-कौन सी धाराएं लगाई हैं और न्यायालय इस मामले में क्या रुख अपनाता है।

















Leave a Reply