जनसुनवाई में कलेक्टर श्री वशिष्ठ बने आमजन की आवाज़, 16 आवेदकों की समस्याओं पर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की जाती है और संबंधित विभागों से उनका त्वरित निराकरण कराया जाता है। इसी क्रम में आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने जनसुनवाई आयोजित कर 16 आवेदकों की समस्याएँ सुनीं।
जनसुनवाई में जिले के शहरी, ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों में भूमि सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, भू-अधिकार पट्टा, जन्म-मृत्यु एवं जाति प्रमाण पत्र निर्माण, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, खसरा-नक्शा दुरुस्ती आदि से संबंधित प्रकरण शामिल रहे।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अनेक प्रकरणों पर तत्काल निर्देश जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्रमुख रूप से—

*ग्राम पंधराखेड़ी की श्रीमती कीर्ति बारंगे और पांढुर्णा नगर की श्रीमती लक्ष्मीकांता ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का आवेदन दिया।
*ग्राम पिपलपानी के श्री विजेश पिता साहेबलाल ने अनावेदक कंपनी द्वारा विस्फोट से कुएं को हुई क्षति पर मुआवज़े की मांग रखी।
*श्री प्रकाश पिता आत्माराम घोडे ने कृषि भूमि का नक्शा दुरुस्त करने का अनुरोध किया।
*ग्राम हिवरापृथ्वी और उमरीकला के ग्रामीणों ने पशुओं में फैली बीमारी के उपचार हेतु स्थायी पशुचिकित्सा व्यवस्था की मांग की।
*श्री रमेश पिता बाबूराव खोडे ने मकान के रास्ते से अतिक्रमण हटाने का आवेदन दिया।
*श्री वासुदेव मानकार ने पांढुर्णा अस्पताल में किए गए कार्य का भुगतान दिलाने की मांग रखी।
*ग्राम कामठीकला के श्री रामदास माटे ने सिंचाई हेतु बिजली वोल्टेज बढ़ाने की मांग की।
जनसुनवाई में एडीएम श्रीमती आलका एक्का सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और आवेदनों पर तत्परता से कार्यवाही की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जनसुनवाई आमजन की उम्मीदों का मंच है, जहाँ हर समस्या का समाधान न्यायपूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाएगा।


















Leave a Reply