Advertisement

पत्रकारों की 6 सूत्रीय मांगों को लेकर पांढुरना में श्रमजीवी पत्रकार संघ ने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन

पत्रकारों की 6 सूत्रीय मांगों को लेकर पांढुरना में श्रमजीवी पत्रकार संघ ने सौंपा कलेक्टर को ज्ञापन

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री को स्मरण पत्र के माध्यम से दिलाई गई मुरैना महाधिवेशन की घोषणाओं की याद

पांढुरना – मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने अपनी लंबित 6 सूत्रीय मांगों के निराकरण के लिए राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर मंगलवार, 11 नवम्बर को एकदिवसीय मांगपत्र अभियान चलाया। इसी क्रम में आज श्रमजीवी पत्रकार संघ पांढुरना जिला इकाई ने जिलाध्यक्ष सचिन गुड्डू कावले के नेतृत्व में और जिला महासचिव सुधीर नांदेकर की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ को ज्ञापन सौंपकर मुरैना में हुए 25वें त्रिवर्षीय महाधिवेशन की अधूरी घोषणाओं की याद दिलाई।

संघ ने अपने ज्ञापन में उल्लेख किया कि 26 मार्च 2025 को मुरैना में आयोजित दो दिवसीय महाधिवेशन में मुख्यमंत्री से 6 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया गया था। मुख्यमंत्री ने उस समय मांगों पर सकारात्मक विचार कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया था, किंतु सात माह बीत जाने के बाद भी अब तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

संघ ने बताया कि रतलाम के बाद मंडला में हुई प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भी इस मुद्दे पर गहरी चिंता व्यक्त की गई थी। कार्यसमिति के सदस्यों ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा किसी भी स्तर पर मांगों के संबंध में कोई ठोस कदम उठाते हुए गतिविधि नहीं दिखाई दी।

मुख्यमंत्री से की गई प्रमुख 6 मांगें

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में प्रदेश के मीडिया कर्मियों की 21 सूत्रीय मांगों में से केवल 6 प्रमुख मांगों को तत्काल लागू करने का आग्रह किया है—

1. पत्रकार सुरक्षा कानून मध्यप्रदेश में शीघ्र लागू किया जाए।
2. भोपाल के मालवीय नगर स्थित पत्रकार भवन की भूमि जो पूर्ववर्ती सरकार ने वापस ले ली थी, उसे पुनः पत्रकार संघ को लौटाया जाए।
3. पत्रकार पेंशन योजना (श्रद्धा निधि) से अधिमान्यता की शर्त हटाकर इसे आजीवन लागू किया जाए।
4. सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार भवन हेतु निशुल्क भूमि आवंटित की जाए।
5. राज्य के पत्रकारों को टोल टैक्स से मुक्त किया जाए और संघ के सदस्यता कार्ड को मान्यता दी जाए।
6.पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना को निशुल्क कर सभी पत्रकारों को इसका लाभ दिया जाए।

“मुख्यमंत्री स्वयं पत्रकार, उम्मीद है निराश नहीं करेंगे” — श्रमजीवी पत्रकार संघ

श्रमजीवी पत्रकार संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं, इसलिए पत्रकारों की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। इसी विश्वास के साथ संगठन ने अपनी सीमित मांगें रखी हैं और उम्मीद जताई है कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के पत्रकारों का सम्मान बढ़ाएगी।

ज्ञापन सौंपने वालों में श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष सचिन” गुड्डू” कावले, जिला महासचिव सुधीर नांदेकर के साथ ही अनिल साबारे, प्रवीण वाहने, सुनील कवडे, धनंजय जोशी, राम पवार, नीलेश कलसकर, सुभाष पराड़कर, संजय चिंचोले, योगेश गजभिए, रविन्द्र नारनवरे और अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!