कफ सिरप से मासूमों की मौत पर पांढुरना में सामूहिक श्रद्धांजलि सभा — हनुमान चालीसा पाठ कर दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – छिंदवाड़ा जिले की परासिया विधानसभा क्षेत्र में कफ सिरप के सेवन से 22 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत की घटना ने पूरे देश को शोकाकुल कर दिया है। इन निर्दोष नन्हे-मुन्ने बच्चों की असमय मृत्यु ने हर किसी के हृदय को झकझोर कर रख दिया है। इसी कड़ी में पांढुरना नगर में सामाजिक एवं धार्मिक संस्था विशाल जाम सांवली पदयात्रा समिति के आव्हान पर नगर के नागरिकों ने हृदयस्पर्शी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।
शाम 7 बजे नगर के तीनशेर चौक पर बड़ी संख्या में नगरवासी, सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठन एकत्र हुए। यहां पर मृत मासूम बच्चों की प्रतीकात्मक प्रतिमाएं स्थापित कर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात दो मिनट का मौन रखकर पुष्प अर्पित किए गए।

श्रद्धांजलि सभा में भावुक माहौल के बीच सभी ने नम आंखों से मासूम बच्चों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित जनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह मृतकों के परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही प्रशासन से यह भी मांग की गई कि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो — इसके लिए दवाओं की गुणवत्ता की उच्चस्तरीय जांच के बाद ही उन्हें बाजार में वितरित करने की कठोर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
श्रद्धांजलि सभा में नगर के प्रथम नागरिक नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे, अनाज व्यापारी अनिल कालड़ा, समिति अध्यक्ष मनोज गुडधे, हम फाउंडेशन के सचिन (गुड्डू) कावले, पार्षद यादवराव ढोबले, लोचन खवसे, पत्रकार दिनेश बोकडे, एड. विजय केवटे, एड. विजय हलवे, मानव सेवा समिति अध्यक्ष जयंत घोड़े, पत्रकार लक्ष्मीकांत कावले, विवेक मानकर, नीलेश साहू, भाजपा नेता उत्तम झा, समाजसेवी विक्रम आखरे, मयूर केवटे, रवींद्र खोड़े, तुषार बंसोड़, ईश्वर बागड़े, पत्रकार सुनील कवड़े, गोलू धामनकर, रविंद्र कवड़े, ललित कलम्बे, गणेश सिरसागर, राधेश्याम कुंभारे, सुनील मानकर एवं मोहित वघाले सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नगरवासियों ने विशाल जाम सांवली पदयात्रा समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पांढुरना नगर शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ा है।


















Leave a Reply