अंकुर कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर ब्यूरो चीफ
सत्यार्थ न्यूज़ वाराणसी
वाराणसी -डीएम सत्येंद्र कुमार और एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने बाढ़ राहत शिविर में देखी व्यवस्था, लोगों से बातकर लिया फीडबैक, दिए निर्देश

वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना ने बुधवार को बाढ़ राहत शिविर/बाढ़ चौकी प्राथमिक विद्यालय, सलारपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वहां व्यवस्थाएं देखी। साथ ही वहां मौजूद लोगों से बातकर सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। दोनों अधिकारियों ने मातहतों को निर्देशित किया कि राहत शिविर में आए परिवारों को सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीएम और अपर पुलिस आयुक्त ने शिविर में आए लोगों की संख्या, उनके खाने पीने, रहने आदि के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को हाईजेनिक किचन, शौचालय, गैस कनेक्शन, मेन्यू के अनुसार भोजन, टेंट की व्यवस्था, मौके पर डॉक्टर की उपलब्धता, विद्युत सेफ्टी,बेहतर साफ सफाई के प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फॉगिंग व चूनें का छिड़काव भी लगातार कराते रहें। जिलाधिकारी ने जनपद की सभी बाढ़ राहत चौकियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। सुरक्षा कार्यों में किसी भी तरीके की लापरवाही पर कार्रवाई की हिदायत दी। एसडीएम सदर ने बताया कि जनपद में 46 राहत शिविर बनाए गए हैं, जिसमें से नगरीय क्षेत्र में 27, ग्रामीण क्षेत्र में 10, राजातालाब तहसील में 06 और पिंडरा में तीन राहत शिविर शामिल हैं। डीएम ने कहा कि वरुणा के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का विशेष प्रभाव है, लिहाजा इस क्षेत्र में सतर्कता बरती जाए। उन्होंने बाढ़ के लिए संवेदनशील तहसीलों(सदर और राजातालाब) के लिए सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
सलारपुर के पार्षद ने बताया कि पांच दिन पहले ही बाढ़ राहत शिविर की स्थापना कर दी गई थी। यहां समस्त जरूरी इंतजाम कराए गए हैं। राहत शिविर में अभी तक आठ परिवारों के 36 लोग शरण ले चुके हैं। प्रशासन द्वारा उन्हें भोजन, पीने का पानी, दवाइयां और अन्य जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में आई महिलाओं ने सरकारी इंतजाम पर संतुष्टि जताई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर अमित कुमार, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जोनल, संबंधित थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















Leave a Reply