अंकुर कुमार पाण्डेय
ब्यूरो चीफ सत्यार्थ न्यूज़
वाराणसी
वाराणसी – भारत की होनहार बेटी अमेरिका में स्वर्ण पदक जीतने वाली ममता पाल का भव्य स्वागत, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने किया सम्मान

वाराणसी की महिला कांस्टेबल ममता पाल ने अमेरिका के अलबामा शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स 2025 में भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने न सिर्फ इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया, बल्कि कई पदक जीतकर इतिहास रच दिया। ममता पाल की यह सफलता महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल है, जो यह साबित करती है कि कोई भी मंज़िल नामुमकिन नहीं होती, अगर इरादे मजबूत हों। ममता पाल की कहानी हर उस महिला के लिए प्रेरणा है जो किसी भी चुनौती से पीछे हटने की सोचती है। एक महिला पुलिसकर्मी होकर उन्होंने खेल, सेवा और आत्मबल तीनों क्षेत्रों में खुद को साबित किया। वह दिखाती हैं कि महिला शक्ति सिर्फ परिवार नहीं, बल्कि देश को भी गौरव दिला सकती है। आइए जानते हैं कौन हैं ममता पाल और उनकी उपलब्धि।
अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन करने वाली इंटरनेशनल खिलाड़ी ममता पाल का वाराणसी आगमन पर भव्य स्वागत हुआ। उनके घर पहुंचने पर आयोजित सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने स्वयं ममता पाल को माला पहनाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस उपालब्धि पर अपना दल (एस) के राष्ट्रीय सचिव उदय प्रताप प्रधान के नेतृत्व में बढ़ैनी खुर्द गांव में कार्यक्रम आयोजित हुआ। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ममता पाल की उपलब्धि न केवल उनके परिवार की, बल्कि पूरे जिले, प्रदेश और देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ममता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नारी शक्ति” के सपने को साकार किया है और ऐसी प्रतिभावान महिलाओं को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
ममता के वाराणसी आगमन पर कैंट रेलवे स्टेशन से उनके गांव तक विजय यात्रा निकाली गई। समर्थकों ने तिरंगा झंडा लहराते हुए ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। यह काफिला रोहनिया, मोहनसराय, मातलदेई होते हुए उनके गांव बढ़ैनी खुर्द पहुंचा, जहां ममता ने सबसे पहले अपने माता-पिता और गुरुजनों के चरण छूकर आशीर्वाद लिया। समारोह में कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया, जिनमें रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल, एमएलसी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, अपना दल एस के राष्ट्रीय सचिव उदय प्रताप प्रधान, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, प्रवेश पटेल, डॉ. नरेंद्र पटेल, जिला पंचायत सदस्य दर्शन यादव, कोच डॉ. आर.के. पाल और अन्य स्थानीय लोग शामिल रहे। इस सम्मान समारोह और जनसमर्थन ने साबित कर दिया कि ममता पाल आज हर युवा और महिला के लिए प्रेरणास्त्रोत बन चुकी हैं।
ममता पाल उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर कार्यरत हैं। वह मूल रूप से वाराणसी की रहने वाली हैं। बचपन से ही उन्हें खेलों में रुचि थी, खासकर एथलेटिक्स और फिटनेस में। नौकरी के साथ उन्होंने अपनी ट्रेनिंग जारी रखी और पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ कड़ा शारीरिक अभ्यास भी करती रहीं।
















Leave a Reply