Advertisement

निगमायुक्त श्री दुबे ने ई के वाई सी कार्य की प्रगति की समीक्षा कर गठित दल को एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

निगमायुक्त श्री दुबे ने ई के वाई सी कार्य की प्रगति की समीक्षा कर गठित दल को एक सप्ताह में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

कम प्रगति एवं कार्य में लापरवाही करने वाले दो कर्मचारियों को किया सेवा से पृथक

पूर्व बैठकों का प्रस्तुत करे पालन प्रतिवेदन: निगमायुक्त श्री दुबे

हरिशंकर पाराशर सत्यार्थ न्यूज़ संवाददाता


कटनी। शासन निर्देशानुसार नागरिकों को शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय से प्रदान करने के उद्देश्य से नगर निगम के गठित दल द्वारा नगर में किए जा रहे ई केवाईसी कार्य की प्रगति की समीक्षा निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे द्वारा रविवार को की जाकर सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ एक सप्ताह में शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकारी कर्मचारियों को दिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त शैलेश गुप्ता सहित नगर निगम सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक,प्रभारी ई-गवर्नेंस अधिकारी संदीप पाठक,समस्त राजस्व निरीक्षक, राजस्व उपनिरीक्षक, वार्ड दरोगा एवं कंप्यूटर ऑपरेटर की मौजूदगी रही।

समीक्षा के दौरान ई केवाईसी कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा अप्रसन्नता जाहिर करते हुए गठित दल को तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर एक सप्ताह में शेष कार्य को पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी गई।

कार्य में लापरवाही पर दो कर्मचारियों को किया सेवा से पृथक

निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा समीक्षा के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी रविकांत शुक्ला द्वारा शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य में रुचि नहीं लेने तथा ई के वाई सी कार्य की नगण्य प्रगति पाए जाने तथा एक अन्य कर्मचारी दिनेश खरे द्वारा दायित्वों के निर्वहन पर लापरवाही बरतने पर दोनों कर्मचारियों को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए गए।
वहीं निगमायुक्त श्री दुबे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए समीक्षा बैठक में अनुपस्थित कर्मचारियों का भी एक सप्ताह का वेतन काटने के निर्देश उपायुक्त श्री गुप्ता को दिए।

प्रस्तुत करें पालन प्रतिवेदन

निगमायुक्त श्री दुबे ने बैठक के दौरान शासकीय उचित मूल्य की गल्ला दुकानों, डोर टू डोर नागरिकों से संपर्क, ए आर आई के संपत्ति कर रजिस्टर एवं वोटर लिस्ट से मिलान कर शेष छूटे नागरिकों की ई के वाई सी किए जाने सहित कम प्रगति वाले कर्मचारियों का वेतन रोकने हेतु पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्यवाही का तीन दिवस में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश उपायुक्त श्री गुप्ता को दिए।

अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना, किया प्रोत्साहित

निगमायुक्त श्री दुबे द्वारा समीक्षा के दौरान श्री अनिल पाठक द्वारा अपने कार्य में विशेष रुचि लेकर ई के वाई सी कार्य में दल में अग्रणी रहने पर उनके कार्य की प्रशंसा करते हुए गठित दल के अन्य कर्मचारियों को भी श्री पाठक की कार्यशैली का अनुसरण कर कार्य में प्रगति लाने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

लक्ष्य निर्धारित

निगमायुक्त श्री दुबे ने गठित दल के अधिकारी एवं कर्मचारियों को शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से लेते हुए, प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर, एक सप्ताह में शेष कार्य को पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!