हमारी संस्कृति इतनी उदार और महान है कि हर कार्य संस्कारों के अनुरूप किया जाता है – सीएम डॉ. यादव
कालापीपल तहसील के ग्राम रामपुरा में सामूहिक विवाह सम्मेलन, 1133 कन्याओं का विवाह, 114 जोड़ों का निकाह
सत्यार्थ न्यूज़ संवाददाता अशोक राठौर

शाजापुर।। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को कालापीपल तहसील के ग्राम राम्पुय में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह सम्मेलन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद देते हुए भारतीय संस्कृति की महानता और उदारता पर जोर दिया। कालापीपल मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयेजित समारोह में 1247 जोड़ों का विवाह हुआ। इनमें 1133 विवाह हिंदू रीति-रिवाज से हुए, जबकि 114 मुस्लिम जोड़ों का निकाह हुआ। आयोजन में साधु-संतों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इसे भव्य रूप दिया। इस अवसर पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा, संतश्री कल्याणदास महाराज, महामंडलेश्वर संतश्री श्यामदास महाराज,महामंडलेश्वर संतश्री रामगिरि महाराज, संतश्री रघुनाथदास महाराज,
संतश्री विष्णु पुरी महाराज सहित कई गणमान्यजन मौजूद थे।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत की संस्कृति विश्व में अद्वितीय है। उन्होंने कहा हमारी संस्कृति इतनी उदार और महान है कि हर कार्य संस्कारों के अनुरूप किया जाता है। गर्भधारण से लेकर मृत्यु तक जीवन के हर चरण में संस्कार होते हैं, जिनमें विवाह एक महत्वपूर्ण संस्कार है। आज दुनिया हमारी संस्कृति की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। वे इसे समझना चाहते हैं क्योंकि हमारी संस्कृति न केवल संग्रह करने में विश्वास करती है, बल्कि दूसरों की सहायता कर सुख अनुभव करती है।
परशुराम जी की जन्मस्थली को विकसित करेंगे
मुख्यमंत्री ने राज्य में धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर बड़े कदम उठाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी तरह, भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव को भी विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की कि प्रदेश के हर नगरीय निकाय में एक ‘गीता भवन’ का निर्माण किया जाएगा, जहां युवाओं को पढ़ने की सुविधा दी जाएगी। इस भवन में लाइब्रेरी होगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कृषि और औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में किसानों से गेहूं की खरीदी 2700 प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। इसके अलावा राज्य में नदी जोड़ो अभियान के तहत पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना लागू की जाएगी, जिससे किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए 5 लाख रुपए की लागत में 90% की सब्सिडी दी जाएगी, जिससे उन्हें सिर्फ 50 हजार रुपए खर्च करने होंगे। प्रदेश सरकार गो-पालन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं लागू कर रही है। इसके तहत गोशालाओं को 40 रुपए प्रति गाय के हिसाब से वित्तीय सहायता दी जाएगी। गाय पालने पर अनुदान दिया जाएगा, जिससे किसानों और पशुपालकों को लाभ होगा।
समारोह ने सामाजिक समरसता की मिसाल पेश की

सामूहिक विवाह सम्मेलन में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी ने समारोह के आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं एवं कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। समारोह का संचालन हेमंत दुबे और वृंदा अजमेरा द्वारा किया गया। इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत प्रतीक स्वरूप 49,000 का चेक प्रदान किया।
विश्व रिकॉर्ड प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया ओएमनी के पर्यवेक्षक प्रो. डॉ. दिनेश
गुप्ता ने इस समारोह को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इतने बड़े स्तर पर कम समय में विवाह कराना और इतने लोगों को एक साथ भोजन कराना एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। सीएम के कार्यक्रम में कालापीपल में ड्यूटी के दौरान टीआई की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी एमएल परमार नीमच जिले में पदस्थ हैं और ड्यूटी करने कालापीपल के सामूहिक विवाह सम्मेलन में तैनात थे। उन्हें एंबुलेंस से पहले कालापीपल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, बाद में शाजापुर जिला अस्पताल भेजा गया। शुजालपुर एसडीओपी निमिष देशमुख ने पुष्टि करते हुए कहा उनकी स्थिति में अब सुधार है।


















Leave a Reply