सत्यार्थ न्यूज श्रीडूंगरगढ़-सवांददाता ब्युरो चीफ
1.हरे कृष्ण महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया फागोत्सव, खेली फूलों की होली
क्षेत्र में होली की मस्ती का रंग चढ़ने लगा है। इसी कड़ी में रविवार को श्री ओसवाल पंचायत भवन में हरे कृष्ण महिला मंडल द्वारा धूमधाम से फागोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कृष्ण पूजन से हुई,जिसके बाद बीकानेर इस्कॉन के श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। फागोत्सव में भगवान पर अटूट विश्वास रखने की प्रेरणा देते हुए एक नाटिका की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। महिलाओं ने पगड़ियां पहनकर चंग बजाते हुए नृत्य किया और होली के रंगों में सराबोर हो गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण फूलों की होली रही, जिसमें सभी ने एक दूसरे पर पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं। रंगों के स्थान पर सुगंधित फूलों से होली खेलते हुए श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। इस अवसर पर आरजेएस महिमा दुगड़ और नेता प्रतिपक्ष अंजू पारख का मंडल सदस्यों ने सम्मान किया। आयोजन की सभी व्यवस्थाएं मंडल अध्यक्ष ममता सोनी,मंत्री अंजू दुगड़,व्यवस्थापक पिंकी शर्मा,कोषाध्यक्ष सुरेखा व्यास, प्रचार प्रसार मंत्री सुमन बैद और इंदु सिंघी ने संभाली। मंडल सदस्यों ने सभी आगंतुकों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
2.बिग्गा बास में मस्ताना रसिया मित्र मंडल द्वारा आज रात्रि होली के गीतों के साथ जमेगा चंग धमाल का रंग।
मस्ताना रसिया मित्र मंडल द्वारा आज रात 8.30 बजे से होली समारोह प्रारंभ किया जाएगा। बिग्गाबास के वार्ड 20 में स्थित श्री गौसेवा समिति प्रांगण में आयोजित रंगारंग कार्यक्रम 13 मार्च तक जारी रहेगा। मंडल सदस्यों ने आयोजन की तैयारियां करते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली के गीतों के साथ चंग धमाल के लोक उत्सव का आयोजन होगा। रसिए स्वांग रचकर होली के गीतों पर खूब नाचेंगे।
3.प्रतापबस्ती में इस बार होलिका दहन उत्सव हनुमान मन्दिर के आगे होगा।
कस्बें के प्रतापबस्ती में इस बार होलिका दहन का आयोजन बस्ती में स्थित हनुमान मंदिर के आगे रखा गया है। हनुमान मंदिर पुजारी अशोक गुसाईं ने बताया कि इस बार हनुमान मन्दिर के आगे होलिका दहन उत्सव 13 मार्च को रात्रि 11:30 बजे से धूमधाम से मनाया जाएगा जिसमें सभी को पहुंचने की अपील की गई है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है।