समिति से 1.14 करोड़ का धान गायब, 12 पर FIR:बलरामपुर के महावीरगंज में 3576 क्विंटल धान मिला कम
बलरामपुर1 दिन पहले
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में गायब मिला धान
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सहकारी समिति महावीरगंज में समर्थन मूल्य पर खरीदा गया 3576 क्विंटल धान गायब मिला। मामले की जांच के बाद समिति प्रबंधक सहित 12 लोगों के खिलाफ विजयनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
गायब धान की कीमत एक करोड़ 14 लाख रुपए बताई गई है। पूर्व में बलरामपुर जिले के डोंगरो और भंवरमाल समिति से भी 70 लाख रुपए का धान गायब मिलने के मामल में FIR की गई है।
कुल 77643.60 क्विंटल धान खरीदा गया
जानकारी के मुताबिक, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान आदिम जाति सहकारी समिति महावीरगंज के धान उपार्जन केंद्र विजयनगर में 1 नवंबर 2023 से 5 फरवरी 2024 के बीच धान खरीदी की गई। समिति में कुल 77643.60 क्विंटल धान खरीदा गया था। इसमें से 74066.82 क्विंटल धान का उठाव किया गया। शेष धान का डीओ बलरामपुर से जारी किया गया तो धान समिति में नहीं मिला।
जांच में गायब मिला धान
विजयनगर धान उपार्जन केंद्र में धान की कमी होने पर अधिकारी बी.तिर्की ने मामले की जांच की। जांच प्रतिवेदन के अनुसार खरीदी प्रभारी मंजर अंसारी ने 9491.20 क्विंटल धान खरीदी की और 9491.20 क्विंटल धान का उठाव किया गया।
खरीदी केंद्र प्रभारी बदले जाने के बाद आरिफ अंसारी ने कुल 68152.40 क्विंटल धान खरीदी की और 64576.22 क्विंटल धान का उठाव कराया गया। बाकी 3576.18 क्विंटल धान का आरिफ अंसारी ने उठाव नहीं कराया।
रामानुजगंज थाने में दर्ज हुआ अपराध।
रामानुजगंज थाने में दर्ज हुआ अपराध।
खरीदी प्रभारी सहित 12 के खिलाफ FIR
मामले में खाद्य अधिकारी ने जांच अधिकारी के प्रतिवेदन के साथ 01 जुलाई को रिपोर्ट रामानुजगंज थाने में की गई थी। जांच रिपोर्ट में खरीदी केंद्र प्रभारी आरिफ पंसारी सहित फड़ प्रभारी मतीन और कर्मचारी जियाउल अंसारी, संतोष यादव, सुनील, दिनेश, सकेन्द्र, महबूब, संतू लाल, अवधेश, शिवकुमार और बारदाना प्रभारी गुलाब सिंह जिम्मेदार माना गया।
गायब 3576.18 क्विंटल धान की राशि एक करोड़ 10 लाख 86 हजार 158 रुपए और 12983 नाग बारदाना की कीमत 3 लाख 24 हजार 575 रुपए, कुल राशि 1 करोड़ 14 लाख 10 हजार 733 रुपए की अनियमितता समिति में मिली। रामानुजगंज पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ धारा 409 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दो अपराध दर्ज नहीं हुई गिरफ्तारी
इसके पहले बलरामपुर जिले के डोंगरो समिति में 32 लाख रुपए का 1497 क्विंटल धान मिला था। जांच के बाद धान खरीदी प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता और कम्प्यूटर ऑपरेटर अंकित गुप्ता के खिलाफ चलगली थाने में अपराध दर्ज किया गया है।
एक अन्य मामले में भंवरमाल सहकारी समिति के अंतर्गत रामानुजगंज धान खरीदी केंद्र से 40 लाख रुपए का धान कम मिला था। मामले में खरीदी प्रभारी महेश्वर गुप्ता के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर कांग्रेस नेता डॉ. अजय तिर्की ने सवाल उठाए हैं।
बलरामपुर में रिकार्ड धान खरीदी
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान बलरामपुर जिले में लक्ष्य से पांच लाख क्विंटल अधिक धान की खरीदी कर ली गई। अब समितियों में पूरा धान नहीं मिल रहा है। अन्य समितियों से भी लाखों रुपए का धान और बारदाना गायब है। आशंका है कि बलरामपुर जिले में बड़े पैमाने पर कागजों में खरीदी हुई है।

















Leave a Reply