*गुना से संवाददाता बलवीर योगी की विशेष रिपोर्ट*

*छात्र सुरक्षा को लेकर गुना पुलिस सख्त: कोचिंग संस्थानों में CCTV अनिवार्य, सीधा कंट्रोल रूम से जुड़ेंगे कैमरे*
गुना। विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुना जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में संचालित सभी निजी कोचिंग संस्थानों के लिए अब दो सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। खास बात यह कि ये कैमरे सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़े जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रखी जा सके।
एसपी गुना श्रीमती हितिका वासल ने मंगलवार को कोचिंग संचालकों के साथ बैठक कर इस नई व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। हर संस्थान को तय समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाने होंगे। कैमरों की लोकेशन ऐसी हो कि संस्थान का प्रवेश द्वार और मुख्य कक्षा क्षेत्र पूरी तरह कवर हो। पुलिस कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग होने से किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रिस्पॉन्स संभव होगा।
दरअसल, पिछले कुछ समय से प्रदेश में कोचिंग छात्रों से जुड़ी घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी जिलों को छात्र सुरक्षा पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में गुना पुलिस ने यह पहल की है। एसपी हितिका वासल ने कहा, “अभिभावक अपने बच्चों को हम पर भरोसा कर के पढ़ने भेजते हैं। उनकी सुरक्षा हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। सीसीटीवी से न केवल अपराध पर रोक लगेगी, बल्कि बच्चों में भी सुरक्षा का भाव मजबूत होगा।”
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि समय-सीमा खत्म होने के बाद सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। जिन संस्थानों में मानक के अनुरूप कैमरे नहीं मिले, उन पर सख्त कार्रवाई होगी। कोचिंग संचालकों ने भी प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। शहर के एक संचालक ने बताया कि इससे संस्थान का माहौल और पारदर्शी बनेगा और अभिभावकों का विश्वास बढ़ेगा।
गृह विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश के निर्देशों के तहत यह व्यवस्था पूरे प्रदेश के लिए मॉडल बन सकती है। जनसंपर्क विभाग व कमिश्नर ग्वालियर कार्यालय भी इस पहल पर नजर रखे हुए है। गुना पुलिस का दावा है कि तकनीक के जरिए सुरक्षा का यह मॉडल विद्यार्थियों को भयमुक्त वातावरण देने में मील का पत्थर साबित होगा।
*बलवीर योगी*
*संवाददाता, गुना*














Leave a Reply