15 लाख के 65 गुम मोबाइल लौटाए, एसपी हितिका वासल ने बढ़ाया भरोसा

, “सेफ क्लिक-2.0” से जगाई साइबर जागरूकता*
*गुना से संवाददाता बलवीर योगी*
गुना पुलिस ने साइबर अपराध पर करारा प्रहार करते हुए एक माह में 15 लाख रुपये कीमत के 65 गुम मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व और एएसपी प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने सीईआईआर पोर्टल व आधुनिक तकनीक से इन मोबाइलों को मध्यप्रदेश सहित शिवपुरी, अशोकनगर, विदिशा और पन्ना तक से ट्रेस किया।
3 जुलाई 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में एसपी हितिका वासल ने खुद सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। इस दौरान एसपी ने “सेफ क्लिक-2.0” अभियान के तहत नागरिकों को साइबर फ्रॉड से बचने के टिप्स दिए। उन्होंने साफ कहा कि बैंक, पुलिस या कोई भी संस्था फोन पर ओटीपी, यूपीआई पिन या सीवीवी नहीं मांगती। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और लालच में आकर गोपनीय जानकारी साझा न करें।
इस सफल ऑपरेशन के पीछे साइबर सेल प्रभारी सउनि महेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, कुलदीप यादव, भूपेन्द्र खटीक और अभय रघुवंशी की अहम भूमिका रही। टीम ने दिन-रात मेहनत कर सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को ट्रैक कर मोबाइल बरामद किए।
जिन लोगों को मोबाइल वापस मिले उनमें गुना शहर के साई विहार कॉलोनी की प्रीति शर्मा, पुलिस लाइन के सुखबीर यादव, श्रीराम कॉलोनी के निखिल चंदेल, नानाखेड़ी की विधि नकवाल और पंचमुखी कॉलोनी के अरविन्द्र अहिरवार शामिल हैं। इसके अलावा पिपरोदा चक के हेमराज जाटव, बरखेड़ा गिर्द के धर्मस्वरूप धाकड़, शिवपुरी के इन्दार निवासी आनंद राठौर, अशोकनगर के शाढ़ौरा निवासी ताहिर पठान, पन्ना के झरकुआ निवासी विमलेष चतुर्वेदी और विदिशा के मोहनखेड़ी निवासी विनोद अहिरवार को भी उनके फोन लौटाए गए।
कुंभराज, बमोरी, आरोन, राधौगढ़, म्याना, बजरंगगढ, मृगवास सहित जिले के दर्जनों गांवों के धर्मेन्द्र रजक, मनोज पटेलिया, जसविन्दर सिंह, पुष्पेन्द्र यादव, भरत मीना, दिलीप सहरिया, मोहन सिंह सेहरिया, रामपाल अहिरवार, विनीता बाई सहरिया, राधामोहन गुर्जर और बलराम कुशवाह जैसे लोगों की भी खुशी लौट आई।
एसपी हितिका वासल ने कहा कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत नजदीकी थाने या https://www.ceir.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। गुना पुलिस का यह कदम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने वाला साबित हुआ है। साइबर सेल की इस कार्रवाई की पूरे जिले में सराहना हो रही है।














Leave a Reply