Advertisement

राम मंदिर का चढ़ावा विवाद : श्रद्धा के संरक्षण हेतु पारदर्शिता क्यों आवश्यक है?

राम मंदिर का चढ़ावा विवाद : श्रद्धा के संरक्षण हेतु पारदर्शिता क्यों आवश्यक है?

लेखक
डॉ राजेश कुमार मंगला ‘पार्थ’
पलवल, हरियाणा

रामलला को उनके जन्मस्थान पर पुनः प्रतिष्ठित करने के लिए अनेक पीढ़ियों ने त्याग, तपस्या, सामाजिक आंदोलन और न्यायिक संघर्ष का लंबा मार्ग तय कियाहै। इस दृष्टि से राम मंदिर केवल पत्थरों और शिल्पकला का भव्य निर्माण नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, धैर्य, सांस्कृतिक अस्मिता और ऐतिहासिक चेतना का ही प्रतिबिम्ब है।

ऐसे में अयोध्या के उसी राम मंदिर में कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की खबर को मात्र सामान्य आपराधिक घटना मानकर नहीं टाला जा सकता। यदि किसी ने वास्तव में दानपात्र में हाथ डाला है, तो उसने केवल धन की चोरी नहीं की, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास को भी आहत किया है। दानपात्र में डाला गया प्रत्येक रुपया केवल मुद्रा नहीं है, उसमें भक्त की श्रद्धा, समर्पण और धार्मिक विश्वास भी निहित है। इसलिए मंदिर के चढ़ावे पर कुदृष्टि डालना केवल आर्थिक अपराध नहीं, बल्कि नैतिक और सांस्कृतिक विश्वासघात है। यह वास्तव में सनातन परंपरा के मूल्यों के विरुद्ध भी एक जघन्य अपराध है। इसलिए दंड ऐसा हो जो भविष्य के लिए उदाहरण बने।

ऐसे तत्वों को केवल चोर कहना भी पर्याप्त नहीं होगा। वे उस आस्था और विश्वास के भी अपराधी हैं जिसे श्रद्धालु अपने परिश्रम की कमाई से दान के रूप में मंदिर को समर्पित करते हैं। दानपात्र में डाले गए प्रत्येक रूपये में भक्त की श्रद्धा, विश्वास और समर्पण भी होता है। इसलिए जब मंदिर के दान की चोरी के प्रश्न उठते हैं, तो जनता यह जानना चाहती है कि उसके लिए जिम्मेदार कौन कौन लोग है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

जब मंदिर के दान, प्रबंधन या वित्तीय व्यवस्थाओं को लेकर कोई प्रश्न उठता है, तो वह सामान्य प्रशासनिक चूक या तकनीकी त्रुटी कह कर टाला नहीं जा सकता। इसलिए आवश्यक है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्ट आचरण पर उसकी निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को उनकी स्थिति या प्रभाव से परे जाकर उत्तरदायी ठहराया जाए।

आज आवश्यकता भावनात्मक प्रतिक्रियाओं की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच, कठोर कार्रवाई और व्यापक सुधारों की है। स्वतंत्र ऑडिट, नियमित सार्वजनिक लेखा-जोखा, और आधुनिक निगरानी जैसी व्यवस्थाएँ श्रद्धालुओं के विश्वास को और मजबूत कर सकती हैं।

राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी प्रकरण की प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद एसआईटी को किसी व्यक्ति के विरुद्ध प्रत्यक्ष दोष सिद्ध करने योग्य प्रमाण नहीं मिले हैं। हालांकि जांच रिपोर्ट में व्यवस्थागत खामियों, लेखा-जोखा संबंधी विसंगतियों तथा निगरानी तंत्र की कमजोरियों का उल्लेख किया गया है। प्रश्न केवल यह नहीं है कि कोई व्यक्ति दोषी पाया गया या नहीं, बल्कि यह भी है कि ऐसी परिस्थितियाँ उत्पन्न ही क्यों हुईं जिनसे करोड़ों श्रद्धालुओं के मन में शंका का जन्म हुआ। किसी भी धार्मिक संस्था के लिए ऐसी पारदर्शी और उत्तरदायी व्यवस्था का निर्माण होना चाहिए जो भविष्य में किसी भी प्रकार के संदेह की संभावना को पैदा ही न होने दे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!