Advertisement

मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटरा में होली के दिन देर रात दिल दहला देने वाली घटना: कलयुगी बेटे ने मां की हत्या की,

होली के दिन देर रात दिल दहला देने वाली घटना: बेटे ने मां की हत्या की,

नशे की लत ने ली मां की जान, कलयुगी बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार,

आवास के पैसे मांगने पर मां की हत्या, मरवाही के ग्राम पंचायत कटरा में सनसनी माहौल,

आरोपी बेटे को पुलिस ने हिरासत में लिया, शराब के नशे में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट,

सूरज यादव, गौरेला पेंड्रा मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के कटरा ग्राम पंचायत के धनुहारीटोला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। होली के दिन देर रात एक बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। आरोपी बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां फुलमतिया बाई का गला दबाकर उनकी जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मरवाही थाना के कटरा धनुहारीटोला निवासी फुलमतिया बाई के खाते में कुछ समय पहले प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि आई थी। उनके नए मकान का निर्माण कार्य जारी था। मां के खाते में पैसे आने की खबर कलयुगी बेटे दलवीर सिंह धनुहार को मिली। बताया जा रहा है कि दलवीर सिंह धनुहार शराब का आदी है और वह अक्सर अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता था।

बुधवार को होली के दिन दलवीर शराब के नशे में घर पहुंचा और मां से पैसे मांगने लगा। लेकिन वृद्धा फुलमतिया बाई ने आवास निर्माण का हवाला देते हुए पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर बेटे ने घर में विवाद शुरू कर दिया। झगड़ा बढ़ता देख बहू और पोते ने बीच बचाव किया, लेकिन शराब के नशे में धुत दलवीर ने पैसे नहीं देने को लेकर अपनी मां का गला दबा दिया, जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गई।

राजेश देवांगन, एसडीओपी मरवाही:– मरवाही पुलिस ने आरोपी बेटे को घटना स्थल से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की घटना की जानकारी घर के सदस्यों ने गांव के कोटवार और सरपंच को दी, इसके बाद सूचना मरवाही पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

मरवाही थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर नशे की लत के दुष्परिणामों को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और आगे की जांच की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!