खन्ना में पकड़े गए 10 गैरकानूनी इमिग्रेशन सेंटर, ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत मिले इनपुट के बाद एसएसपी के निर्देशों पर एजुकेशन हब जीटीबी मार्केट में 10 सेंटरों पर एक साथ रेड, बड़ी मात्रा में पासपोर्ट व दस्तावेज बरामद
(पंकज कुमार शर्मा ब्यूरो चीफ़ लुधियाना)

खन्ना पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत मिले अहम इनपुट के बाद खन्ना पुलिस ने अवैध इमिग्रेशन कारोबार के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए 10 गैरकानूनी इमिग्रेशन सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। यह पूरी कार्रवाई एसएसपी खन्ना डा. दर्पण आहलूवालिया के स्पष्ट निर्देशों और मजबूत नेतृत्व में अंजाम दी गई। इस बड़ी कार्रवाई से अवैध तरीके से युवाओं को विदेश भेजने वाले नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया के दिशा-निर्देशों पर 10 विशेष पुलिस टीमों का गठन कर खन्ना के प्रमुख एजुकेशन हब जीटीबी मार्केट में स्थित इमिग्रेशन सेंटरों पर एक साथ रेड की गई। एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार-2 के दौरान पुलिस को ठोस इनपुट मिला था, जिसके आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया। प्रारंभिक जांच में 10 इमिग्रेशन सेंटर पूरी तरह से गैरकानूनी पाए गए, जिनके खिलाफ केस दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ इमिग्रेशन सेंटर संचालक गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों के साथ मिलीभगत कर फर्जी पासपोर्ट बनवाकर युवाओं को अवैध तरीके से विदेश भेजने में मदद कर रहे हैं। इसी गंभीर सूचना के आधार पर यह व्यापक कार्रवाई की गई।रेड के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 30 पासपोर्ट, 34 कंप्यूटर, लैपटॉप व टैब, 15 एटीएम कार्ड और 175 चेक बुक बरामद कीं, जिनमें से कई चेक बुक पहले से साइन की हुई थीं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल डाटा भी कब्जे में लिया गया है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। यह बरामदगी अवैध लेन-देन और बड़े फर्जीवाड़े की ओर इशारा करती है।इस कार्रवाई के दौरान कई पीड़ित भी सामने आए, जो इन फर्जी इमिग्रेशन सेंटरों के झांसे में आकर अपनी जीवन भर की कमाई गंवा चुके हैं। पुलिस द्वारा उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें पूरा कानूनी सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ इमिग्रेशन संचालकों के खिलाफ पहले से ही खन्ना, नवांशहर और नई दिल्ली में मामले दर्ज हैं।एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया ने साफ शब्दों में कहा कि विदेश भेजने के नाम पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि खन्ना को अपराध मुक्त बनाने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसे सख्त अभियान जारी रहेंगे।खन्ना पुलिस की इस सख्त और निर्णायक कार्रवाई की शहरवासियों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि एसएसपी डा. दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई में पुलिस ने न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, बल्कि आम जनता के मन में सुरक्षा और विश्वास भी पैदा किया है। यह अभियान अवैध इमिग्रेशन माफिया के लिए कड़ा संदेश है कि खन्ना में अपराध के लिए अब कोई जगह नहीं है।


















Leave a Reply