Advertisement

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 की प्रगति की समीक्षा के लिए रोल प्रेक्षक ने की जिला स्तरीय बैठक

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 की प्रगति की समीक्षा के लिए रोल प्रेक्षक ने की जिला स्तरीय बैठक

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं मतदाता सूची को शुद्ध व अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)–2026 कार्य सतत रूप से किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा नियुक्त रोल प्रेक्षक श्री मनीष सिंह द्वारा जिले में संचालित एसआईआर कार्यों के निरीक्षण, अवलोकन एवं मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 125–सौसर एवं 128–पांढुर्णा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, एसडीएम सौंसर श्री सिद्दार्थ पटेल, संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेघा शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा और सुश्री प्रेक्षा पाठक,दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल—भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी एवं बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के प्रारंभ में संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेघा शर्मा द्वारा जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसमें घर-घर सत्यापन, प्रारूपवार दावा-आपत्ति की स्थिति, अब तक की प्रगति एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जानकारी दी गई, जिससे रोल प्रेक्षक संतुष्ट दिखाई दिए।

इस अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा एसआईआर कार्यों के अंतर्गत जिले में अपनाए गए नवाचारों, कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा नोटिस एवं सुनवाई की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाने के लिए सभी स्तरों पर सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।

रोल प्रेक्षक श्री मनीष सिंह द्वारा जिले में प्राप्त प्रारूप-7 (नाम विलोपन/निरसन) के आवेदनों की समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए गए कि किसी भी मतदाता का नाम बिना समुचित जांच, दस्तावेजीय सत्यापन एवं नियमानुसार सुनवाई के मतदाता सूची से न हटाया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता के मताधिकार का हनन न हो।

बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा जिले में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई तथा प्रक्रिया को निष्पक्ष, संतुलित एवं पारदर्शी बताया गया।

अंत में संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मेघा शर्मा द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों, रोल प्रेक्षक एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!