जनपद पंचायत सौंसर के सभाकक्ष में कपास किसान ऐप पंजीयन प्रशिक्षण सम्पन्न
संवाददाता धनंजय जोश
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – जनपद पंचायत सभाकक्ष सौंसर में आज सहकारी समिति के कर्मचारियों तथा निजी उर्वरक विक्रेताओं के लिए कपास किसान ऐप के माध्यम से कृषकों के पंजीयन संबंधी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों और विक्रेताओं को ऐप की प्रक्रियाओं, तकनीकी सुविधाओं एवं पंजीयन से जुड़ी चरणबद्ध आवश्यक जानकारी से अवगत कराना था, ताकि क्षेत्र के अधिकाधिक कृषकों को इस सुविधा का लाभ सुगमता से मिल सके। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ऐप में लॉगइन प्रक्रिया, किसान विवरण सत्यापन, दस्तावेज अपलोड, त्रुटि सुधार तथा अंतिम पंजीयन पूर्ण करने संबंधी महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी विस्तार से प्रदान की गई। प्रशिक्षण वातावरण सहयोगपूर्ण रहा और प्रतिभागियों ने ऐप के उपयोग से जुड़ी शंकाओं के समाधान हेतु सक्रिय रूप से प्रश्न भी पूछे।
यह संपूर्ण प्रशिक्षण पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ, जिससे जिले में कपास किसानों के पंजीयन की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
पांढुर्णा कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा दिए गए निर्देश –
1. दोनों मंडियों में किसान हेल्प डेस्क स्थापित कराए जाएं, जिनमें मंडी के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा मंडी में आने वाले किसानों को पंजीयन की पूरी जानकारी दी जाएगी एवं वहीं पंजीयन भी कराया जाएगा।
2. प्रत्येक सहकारी समिति में, जहाँ किसान खाद–बीज लेने आते हैं, समिति के कर्मचारी उन किसानों का पंजीयन कराएंगे।
3. प्रत्येक कृषि आदान विक्रेता/दुकानदार अपने यहाँ खाद–बीज–दवाई लेने आने वाले किसानों तथा अपने संपर्क के किसानों का पंजीयन कराएंगे।
4. प्रत्येक पंचायत में कृषि विस्तार अधिकारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी और कोटवार मिलकर किसानों को पंचायत भवन में ही जागरूक करेंगे तथा उनका पंजीयन कराएंगे।
5. जिले में कार्यरत एफपीओ, एनजीओ और एसएसजी के सदस्यों को भी इस कार्य में लगाकर किसानों का पंजीयन कराया जाए।


















Leave a Reply