कलेक्टर कार्यालय पांढुर्ना का भवन अमरावती रोड पर नहीं, शहर के मध्य मंडी परिसर में ही बने — तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ की मांग
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

संघ ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, कहा — सीमा क्षेत्र में कार्यालय बनने से नागरिकों और कर्मचारियों दोनों को होगी भारी असुविधा
पांढुरना- जिले में प्रस्तावित कलेक्टर कार्यालय पांढुर्ना के नए भवन के निर्माण को लेकर अब विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। इसी कड़ी में आज तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, जिला पांढुर्ना ने कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि कलेक्टर कार्यालय का नया भवन कृषि उपज मंडी परिसर या उसके आसपास की शासकीय भूमि पर बनाया जाए।
संघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि मीडिया और नागरिकों से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर कार्यालय का निर्माण अमरावती रोड पर किया जाना प्रस्तावित है, जिसका टेंडर भी जारी हो चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यालय निर्माण के लिए भूमि चयन और टेंडर प्रक्रिया की जानकारी कर्मचारियों या आम नागरिकों को पहले नहीं दी गई। यदि जानकारी मिलती, तो वे समय रहते अपनी आपत्ति दर्ज कराते।
संघ ने कहा कि चयनित स्थान महाराष्ट्र सीमा से मात्र 5 किलोमीटर की दूरी पर है। जबकि जिले के मध्य भाग में पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है। इस कारण, सीमा क्षेत्र में कार्यालय निर्माण का निर्णय “जनहित में अनुचित” बताया गया है।

जिला अध्यक्ष रामगोपाल भोयर ने बताया कि सौंसर, नांदनवाड़ी और पांढुर्ना के नागरिकों को अमरावती रोड स्थित स्थल तक पहुंचने में कठिनाई होगी। इससे आम जनता और कर्मचारियों को अनावश्यक आर्थिक एवं समय की हानि उठानी पड़ेगी।
संघ ने सुझाव दिया कि अमरावती रोड स्थित भूमि पर आरटीओ, पीएचई, आबकारी और श्रम विभाग जैसे कार्यालय स्थापित किए जा सकते हैं, जिनमें आम जनता की आवाजाही अपेक्षाकृत कम होती है। साथ ही जिले में एक बड़े खेल मैदान की आवश्यकता भी लंबे समय से महसूस की जा रही है, जिसके लिए वह भूमि उपयोगी रहेगी।
संघ के संरक्षक चंद्रशेखर इंगले ने कहा कि जिला मुख्यालय के लिए सबसे उपयुक्त स्थान कृषि उपज मंडी परिसर है, क्योंकि यह शहर के मध्य में स्थित है और सभी दिशाओं से पहुंचना आसान है।
संघ ने कलेक्टर महोदय से आग्रह किया है कि अमरावती रोड पर प्रस्तावित भवन निर्माण को निरस्त कर मंडी प्रांगण क्षेत्र को ही कलेक्टर कार्यालय के लिए चयनित किया जाए।
ज्ञापन कर्ता :चंद्रशेखर इंगले संरक्षक,रामगोपाल भोयर जिला अध्यक्ष, शेषराव रेवतकर तहसील अध्यक्ष सुनील यावले, प्रदीप डोबले ब्लाक अध्यक्ष, शत्रुध्न मस्तकर सचिव, नंदिता धुर्वे जिलाअध्यक्ष महिलाप्रकोष्ठ,संजय डाबरे सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित थे।


















Leave a Reply