श्योपुर। दीपावली की खुशियों से पहले श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया।

घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने गए बच्चों और महिलाओं पर मिट्टी का टीला अचानक ढह गया।
रिपोर्टर सचिन शुक्ला विजयपुर जिला श्योपुर मध्य प्रदेश
इस हादसे में छह लोग मिट्टी के मलबे में दब गए, जिनमें एक 12 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान शिवानी पुत्री पानसिंह कुशवाह, उम्र 12 वर्ष, निवासी लक्ष्मणपुरा के रूप में हुई है।

टी आई राकेश शर्मा के अनुसार, सोमवार सुबह गांव की महिलाएं और बच्चे दीपावली की तैयारियों के तहत घरों की लिपाई-पुताई के लिए मिट्टी लेने लक्ष्मणपुरा के पास स्थित एक पुराने टीले पर पहुंचे थे। मिट्टी निकालते समय अचानक टीला धंसक गया और देखते ही देखते छह लोग मलबे में दब गए। घटना इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने हाथों और औजारों से मिट्टी हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक 12 वर्षीय शिवानी की सांसें थम चुकी थीं। अन्य पांच लोगों को बेहोशी की हालत में विजयपुर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों की सूची इस प्रकार है —
आशिकी पुत्री करण कुशवाह, उम्र 8 वर्ष, निवासी लक्ष्मणपुरा
अनुष्का पुत्री लालपत कुशवाह, उम्र 11 वर्ष, निवासी लक्ष्मणपुरा
योगेश पुत्र मनोज कुशवाह, उम्र 8 वर्ष, निवासी लक्ष्मणपुरा
मन्नू पुत्र केदार कुशवाह, उम्र 8 वर्ष, निवासी लक्ष्मणपुरा
पुनम पत्नी केदार कुशवाह, उम्र 30 वर्ष, निवासी लक्ष्मणपुरा

विजयपुर थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने बताया कि मृतका शिवानी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं सभी घायलों का इलाज विजयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन बच्चों को अतिरिक्त निगरानी में रखा गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक तौर पर यह हादसा मिट्टी का ढेर अस्थिर होने और अधिक खुदाई के कारण धंसने से हुआ बताया जा रहा है।
गांव के लोगों ने बताया कि हर साल दीपावली के समय महिलाएं और बच्चे घर की लिपाई के लिए मिट्टी लेने इसी टीले पर आते हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। शिवानी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्थलों को चिह्नित किया जाए और सुरक्षा के उपाय किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। दीपावली की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
विजयपुर एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए है।
















Leave a Reply