जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने की एक साथ वाहन चैकिंग
यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाये 108 वाहन चालकों पर की गई चालानी कार्यवाही, 40,000 रूपये समन शुल्का बसूला
(मध्य प्रदेश गुना रिपोर्टर अभिषेक शर्मा)।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्युदर को कम करने के उद्देश्य से गुना पुलिस ने यातायात नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की है। यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 8 से 22 सितंबर तक पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
शनिवार की शाम 7 बजे से 9:30 बजे तक जिलेभर में एक साथ वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना और चौकी प्रभारियों ने अधिकतम पुलिस बल के साथ सक्रिय रहकर जगह-जगह वाहनों की गहन जांच की। पुलिस ने चेकिंग के दौरान तेज गति से वाहन चलाने वाले, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने वाले, नाबालिग चालकों, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले, रॉंग साइड वाहन चलाने वाले, ओवरलोड वाहन, बिना लाइसेंस, बिना फिटनेस और बिना परमिट वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी।

अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 108 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। इनसे 40 हजार रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं हनुमान चौराहा पर वाहन चेकिंग के दौरान एक चालक को शराब की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। उसका वाहन जब्त कर मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 185 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसी तरह जयस्तंभ चौराहे पर एक बस बिना वैध परमिट के पाई गई, जिस पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। गुना पुलिस ने अपील की है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। पुलिस का कहना है कि आमजन की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।-(मध्य प्रदेश गुना रिपोर्टर अभिषेक शर्मा)



















Leave a Reply