गुना – कलेक्टर श्री कन्याल ने नागरिकों की सुनी समस्याएं, संबंधित अधिकारियों को दिये निराकरण के निर्देश
गुना जिले से संवाददाता बलवीर योगी

कलेक्ट्रेट कार्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। आज आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं से संबंधित लगभग 309 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें समग्र आईडी, राशन कार्ड, पेंशन, भूमि विवाद, नामांतरण और विद्युत समस्याएं प्रमुख रहीं। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, संयुक्त कलेक्टर डॉ. संजीव खेमरिया, डिप्टी कलेक्टर श्रीमति जिया फातिमा, अनुविभागीय अधिकारी गुना श्रीमति शिवानी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर और आधार हेल्प डेस्क कैंप का आयोजन
कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशानुसार जनसुनवाई स्थल पर नागरिकों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, नेत्र परीक्षण केंद्र और आधार हेल्प डेस्क, लीगल एडवाइस आदि की व्यवस्था की गई, जिनका लाभ जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों को मिला।
रेडक्रॉस के माध्यम से प्रदान की आर्थिक सहायता
आज आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री कन्याल ने विभिन्न आवेदकों को आर्थिक सहायता राशि से संबंधित चैक वितरित किये। इस दौरान आवेदक श्रीमती सुदा पत्नि गोवर्धन नागर निवासी बूढे़ बालाजी गुना एवं राजेश सेन पुत्र तखत सिंह सेन निवासी बीनागंज को इलाज के लिए 10-10 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि का चैक प्रदान किया गया।


















Leave a Reply