रिपोर्ट – जाज़िब उमर
जनपद – मैनपुरी
जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील करहल में जन-शिकायतें सुनी
जन-शिकायतों का गुणवत्तापरक निराकरण अधिकारियो की व्यक्तिगत जिम्मेदारी, निस्तारण के उपरांत असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर होगी प्रभावी कार्यवाही-अंजनी कुमार।

मैनपुरी 15 फरवरी, 2025- जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील करहल में जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि भूमि विवाद से संबंधित शिकायतों को किसी भी दशा में लंबित न रखा जाए, तत्काल पुलिस, राजस्व की टीम गठित कर मौके पर भेज कर समस्या का निदान कराया जाए, भूमि की पैमाइश, अनाधिकृत कब्जे हटाते समय फोटो लिये जाएं, समस्या का निदान करने के पश्चात शिकायतकर्ता के साथ 02 गणमान्य व्यक्तियों के हस्ताक्षर कराएं जाऐं, राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारी भूमि संबंधी प्रकरणों पर विशेष सावधानी बरतें, एक बार पैमाइश, मेढ़बंदी के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाए तो ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही कर प्राथमिकी दर्ज करायें। उन्होने कहा कि अधिकारी किसी स्तर से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण करें, निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता से वार्ता करने के उपरांत निस्तारण आख्या अपलोड की जाये, शासन स्तर से किसी भी शिकायत पर असंतुष्ट फीडबैक न मिले।
श्री सिंह ने कहा कि अधिकारी प्रत्येक कार्य-दिवस में जन-समस्या सुन प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता पर निदान करें, किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अपनी समस्या के निदान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़े, अधिकारी प्राप्त शिकायतों का व्यक्तिगत जिम्मेदारी मान निराकरण करें, अधीनस्थों की रिपोर्ट पर किसी भी दशा में शिकायत के निस्तारण को अपलोड न किया जाये बल्कि शिकायतकर्ता से वार्ता करने के उपरांत उसके संतुष्ट होने पर ही निस्तारण आख्या अपलोड करें। ग्राम खेड़ा नि. नवीन कुमार ने जन-सुनवाई के दौरान जब अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि उसे वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभान्वित किया गया था और उसे योजना के तहत 02 किश्तों की धनराशि भी उपलब्ध करायी जा चुकी है, आवास का कार्य पूर्ण होने के बाद भी बार-बार सम्पर्क के बावजूद अंतिम किश्त की धनराशि उपलब्ध नहीं करायी जा रही है, जिस पर उन्होने खंड विकास अधिकारी करहल को निर्देशित करते हुये कहा कि तत्काल जांच कर लाभार्थी को तृतीय किश्त की राशि उपलब्ध करायें, लाभार्थीपरक योजनाओं में अधिकारी संवेदनशील रहकर कार्य करें, किसी भी लाभार्थी को अकारण समस्या का सामना न करना पड़े, समय से योजनाओं में किश्तों की राशि उपलब्ध करायी जाये।
आज आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर तहसील करहल के दूर-दराज क्षेत्र से आए 72 फरियादियों ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र निस्तारण हेतु प्रस्तुत किये, जिसमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर फरियादी को तत्काल राहत प्रदान की। ग्राम पंचायत अहलादपुर के पूर्व प्रधान शिशुपाल सिंह ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि वर्तमान प्रधान मीना देवी के पति ग्रामसभा की आवादी की गाटा संख्या-265 पर लगभग 50 वर्षों से फसल कर रहे हैं, उक्त नम्बर पर फसल की सिंचाई हेतु बोरिंग भी कर ली है, आवादी की भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे की जांच कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाये, जिस उन्होने उप जिलाधिकारी करहल को प्रकरण की जांच कर कार्यवाही हेतु आदेशित किया, ग्राम सहन नि. राम सरन सिंह ने गाटा संख्या-3374, 3377 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने की मांग पर भी उप जिलाधिकारी को जांच कर कार्यवाही करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को सुन उपस्थित थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी करहल नीरज कुमार, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, परियोजना निदेशक सत्येन्द्र कुमार, उपायुक्त मनरेगा श्वेतांक पाण्डेय, उप कृषि निदेशक एन.के. त्रिपाठी, उप संचालक चकबंदी भूपेन्द्र कुटियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार, उपायुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रंजना शुक्ला, जिला कृषि अधिकारी डा. सूर्य प्रताप सिंह, ए.आर. को-ऑपरेटिव जितेन्द्र पाल सिंह, खंड विकास अधिकारी, आई.जी.आर.एस. प्रभारी अनुज कुमार सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।














Leave a Reply