भाजपा प्रचार के दौरान फिर परोस रही है जुमले , झूठे वादे हुए हवा हवाई
दस साल, में पलवल को बनाया नर्क : करण दलाल
पलवल-19 सितंबर
कृष्ण कुमार छाबड़ा
कांग्रेस प्रत्याशी भाई करण दलाल ने कहा कि दस साल में भाजपा ने पलवल को नर्क बना दिया। दस का शासन पलवल के इतिहास में काले अक्षरों में दर्ज हो गया है। यहाँ के निवासी एक-एक सुविधा के लिए तरस रहे हैं। चलने को न सड़क, न पीने को पानी। बदहाल बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर 24 घंटे बिजली के दावे की पोल खोल रहा है। शहर की सड़कों पर सीवर बजबजा रहे हैं। जलभराव से शहर त्राहिमाम कर रहा है। बावजूद इसके भाजपा सरकार और उसके नेता विकास का दम भर रहे हैं। शहर के साथ इससे बड़ी विडंबना और क्या होगी कि समस्याओं को विकास बता लोगों को एक बार फिर जुमले सुनाकर संवाग रच रही है, पिछले दस वर्षो में पलवल को नर्क बनाने वाली भाजपा किसी को ख़ुशी नहीं सिर्फ बर्बादी दे सकती है लेकिन इस बार पलवल की जनता इस छलावे में नहीं आयेगी।
करण दलाल वीरवार को पलवल हल्के के गाँवो घुगेरा,ककराली,लालवा,कारना एवं हुड्डा सेक्टर 2 आदि में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों ने दस साल भाजपा को दिए, लेकिन सिवाय समस्याओं के शहरवासियों को कुछ नहीं मिला। यहां का एक-एक मतदाता दस साल में छला गया है और इस चुनाव में वह इस छल का बदला लेने को तैयार है। उन्होंने लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि दस साल में भाजपा ने शहर को जो समस्याओं का जख्म दिया है, उसे भूलना नहीं है। एक-एक समस्या के लिए लोगों को अधिकारियों के सामने गिड़गिड़ाना पड़ा है। पांच अक्टूबर को वोट की चोट से भाजपा को सबक सिखाना है।
करन दलाल ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन रही है और पलवल की देवतुल्य जनता सरकार में अपनी हिस्सेदारी कर अपने लिए सुख सुविधाओं का चुनाव करेगी। उनकी जीत शहर के एक-एक नागरिक की जीत होगी। कांग्रेस की विजय के साथ ही पलवल में लोकराज स्थापित होगा। शहर को समस्याओं से मुक्त करने के लिए उन्होंने रोडमैप तैयार कर लिया है। पहली कलम से शहर को जलभराव से मुक्त कराया जाएगा जो आज शहर के लिए नासूर बन गया है। गांव में पहुंचने पर गांवों की सरदारी की ओर से दलाल का जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने भाजपा के प्रति आक्रोश प्रकट करते प्रचंड बहुमत से भाई करन दलाल को जिताने का भरोसा दिया। करन दलाल को समर्थन करने के लिए गांव के युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। इस मौके पर बड़ी संख्या में गाँवों के मौजिज लोगों ने करन दलाल का जोरदार स्वागत किया। वीरवार को दलाल ने दर्जन से अधिक स्थानों पर जनसभाएं कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।