सत्यार्थ न्यूज़
रिपोर्टर: अनंत कुमार
सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सांकेतिक प्रदर्शन

सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आरंगपानी के बरवाटोला चौराहे पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि यह चौराहा विगत कई वर्षों से चार प्रमुख मार्गों एवं दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है, लेकिन यहां प्रकाश व्यवस्था के अभाव में शाम 7 बजे के बाद अंधेरा छा जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में खंड विकास अधिकारी से कई बार मांग की जा चुकी है कि चौराहे पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए, जिससे राहगीरों एवं यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके। बरवाटोला चौराहे पर बस स्टैंड भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं।
यह चौराहा चांगा, कुदरी, लिलासी, चैरी, आरंगपानी, फाटपखना, किरबिल सहित दर्जनों गांवों को जोड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार कुदरी क्षेत्र में विभिन्न विशिष्ट व्यक्तियों का भी आवागमन बना रहता है, जिससे इस स्थान पर प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से युवा समाजसेवी राजू कुमार गुप्ता, पूर्व ग्राम प्रधान सुदर्शन प्रसाद, भगवान दास गुप्ता, डॉ. गणेश प्रसाद सोनी, रामजी सोनी, छबीश खरवार, उत्कर्ष गुप्ता, सीताराम आयाम सहित कई दर्जन ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बरवाटोला चौराहे पर शीघ्र सोलर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराई जाए, जिससे क्षेत्रवासियों एवं राहगीरों को आवश्यक सुविधा मिल सके।














Leave a Reply