Advertisement

पेट्रोल डीजल व गैस को लेकर प्रशासन हुआ सख्त, सभी तहसीलों में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश

” पेट्रोल डीजल व गैस को लेकर प्रशासन हुआ सख्त, सभी तहसीलों में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश “

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:

“जनपद में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने और जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करने की अपील”

(सुलतानपुर) 26 मार्च। जनपद में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिलाधिकारी कुमार हर्ष एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम के निर्देश पर सभी तहसीलों में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य ईंधन की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं को हो रही किसी भी समस्या का जायजा लेना था।

एसडीएम सदर बिपिन कुमार द्विवेदी ने अमहट स्थित हाजी पेट्रोल पंप, बल्दीराय के एसडीएम प्रवीन कुमार ने सुंदरा देवी नंदौली पेट्रोल पंप, लम्भुआ की एसडीएम प्रीति जैन ने बीपीएल पंप हनुमानगंज सहित कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। वहीं कादीपुर एसडीएम उत्तम कुमार तिवारी, जयसिंहपुर एसडीएम प्रभात सिंह, क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर राम कृष्ण चतुर्वेदी एवं और जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्या द्वारा भी विभिन्न स्थानों पर जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध पाई गई। कहीं भी आपूर्ति में कमी या अव्यवस्था नहीं मिली। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं और पंप संचालकों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है, इसलिए घबराने या अनावश्यक भंडारण करने की जरूरत नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न देते हुए केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि सप्लाई सिस्टम सुचारु रूप से चलता रहे।

यदि किसी उपभोक्ता को ईंधन प्राप्त करने में कोई समस्या होती है, तो वह जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा जारी कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9120098526, 7800900041 और 9696282871 पर संपर्क कर सकता है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जायेगा |
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!