सत्यार्थ न्यूज़ रिपोर्टर अनंत कुमार
म्योरपुर क्षेत्र के किरवानी गांव में मिट्टी का टिला ढह जाने से तीन महिलाओं की दर्दनाक मौत

सोनभद्र- किरवानी म्योरपुर क्षेत्र के किरवानी गांव में मिट्टी का टिला ढह जाने से दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिलाएं मिट्टी निकालने के दौरान टिले के पास मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक टिला भरभराकर ढह गया और सभी महिलाएं मलबे में दब गईं। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि खैराही सीताराम तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को भी सूचना दी।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीन महिलाओं को मलबे से बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सदीकुनिशा (35) पत्नी कमरुद्दीन निवासी बड़होर थाना बभनी, अनीशा खातून (35) पत्नी मेराज निवासी किरवानी तथा सीता (30) पत्नी देवबरन निवासी खैराही के रूप में हुई है।
हादसे में दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घायलों में फूल कुमारी (30) पत्नी उदय शंकर निवासी खैराही तथा नजीबुननिशा (35) पत्नी अली शेर निवासी किरवानी शामिल हैं। दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा। प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।













Leave a Reply