Advertisement

सोनभद्र-अधूरी सड़क को लेकर के आरंगपानी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

सत्यार्थ न्यूज़ रिपोर्टर अनंत कुमार

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अधूरी सड़क को लेकर के आरंगपानी के ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

सोनभद्र- आरंगपानी म्योरपुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत आरंगपानी के टोला छत्ताकरम में मोतीलाल खरवार के घर के पास स्थित सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सड़क की बदहाल हालत से परेशान ग्रामीणों ने युवा समाजसेवी राजू कुमार गुप्त के नेतृत्व में सांकेतिक प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर विगत कई वर्षों पूर्व सोलिंग पत्थर डालकर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन उसके बाद कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। सड़क की ढलाई नहीं कराई गई और न ही आगे कोई निर्माण कार्य हुआ। समय के साथ सोलिंग पत्थर उखड़ गए और सड़क पूरी तरह से ऊबड़-खाबड़ हो गई है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। जगह-जगह पानी भर जाता है और कीचड़ हो जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क गांव के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है, जिससे रोजाना दर्जनों लोग आवागमन करते हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

युवा समाजसेवी राजू कुमार गुप्त ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों द्वारा साधारण आंदोलन किया जाएगा।

सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क का शीघ्र पक्का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करेगा और वर्षों से लंबित इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।

प्रदर्शनकारियों में मुख्य रूप से राजू कुमार गुप्त, राजकुमार, कुसुम देवी, रामदेव, रजिया देवी, लक्ष्मी देवी, मोतीलाल खरवार, राजदेव, मनोज खरवार, सुशीला देवी सहित दर्जनों महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!