मासूम की सीख, बड़ा असर: तिनशेर चौक पर चार साल की बच्ची ने सिखाया सड़क सुरक्षा का असली मतलब
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम तिनशेर चौक पर मंगलवार को सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनोखा और भावुक दृश्य देखने को मिला। जिला यातायात पुलिस एवं ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित निःशुल्क हेलमेट वितरण और जन-जागरूकता अभियान में एक चार वर्षीय बालिका ने अपनी मासूम बातों से हर उम्र के लोगों को यातायात नियमों के महत्व का एहसास करा दिया।
कार्यक्रम जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, नागरिकों में जिम्मेदार ड्राइविंग की भावना विकसित करना और यातायात नियमों के प्रति सकारात्मक सोच पैदा करना रहा। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, इसलिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान जब यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रही एक महिला को रोका, तो उसके साथ बैठी चार साल की बेटी ने पूरे माहौल को बदल दिया। कलेक्टर महोदय ने बच्ची से सरल प्रश्न पूछे—हेलमेट पहनना क्यों जरूरी है और क्या बिना हेलमेट वाहन चलाना सुरक्षित है। बालिका ने पूरे आत्मविश्वास के साथ सही उत्तर देते हुए कहा कि हेलमेट पहनने से जान बचती है। बच्ची के शब्द—“मम्मी, हेलमेट पहन लो”—ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया और चौक तालियों से गूंज उठा।

इस प्रेरणादायक क्षण पर कलेक्टर महोदय ने बच्ची को चॉकलेट और पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात यातायात प्रभारी निरीक्षक आकांक्षा सहारे द्वारा महिला को निःशुल्क हेलमेट पहनाया गया। वहीं कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं चौराहे पर मौजूद रहकर हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे नागरिकों को गुलाब देकर सम्मानित करते नजर आए, जबकि नियमों का पालन न करने वालों को मौके पर ही निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” रखी गई है, जो हर नागरिक को सड़क पर सतर्क और जिम्मेदार बनने का संदेश देती है।

इसी क्रम में पांढुरना अनुभाग में एसडीओपी श्री ब्रजेश भार्गव, यातायात प्रभारी निरीक्षक आकांक्षा सहारे एवं थाना प्रभारी अजय मरकाम के मार्गदर्शन में लगातार विशेष यातायात अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम, सघन वाहन जांच, हिट एंड रन, राहवीर योजना और कैशलेस उपचार योजना की जानकारी आमजन को दी जा रही है। साथ ही बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज गति, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और बिना लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर सख्त चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
अंत में पांढुरना पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों को मजबूरी नहीं, बल्कि सुरक्षा की ढाल समझें। नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों के जीवन की रक्षा में भी योगदान दें।


















Leave a Reply