Advertisement

शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में एन.डी.आर.एफ. द्वारा कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आयोजित

शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में एन.डी.आर.एफ. द्वारा कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – आपदा प्रबंधन के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने एवं आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा में एक दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 11वीं बटालियन एन.डी.आर.एफ., वाराणसी द्वारा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ तथा स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।


इस अवसर पर एन.डी.आर.एफ. वाराणसी से इंस्पेक्टर रेखा कुमारी अपने सात सदस्यीय प्रशिक्षित दल के साथ मुख्य अतिथि एवं प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि इस जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भूकंप, बाढ़, आगजनी, सड़क दुर्घटना, गैस रिसाव सहित विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक एवं मानव निर्मित आपदाओं के प्रति सजग करना है, ताकि आपदा की स्थिति में वे स्वयं सुरक्षित रहते हुए दूसरों की भी सहायता कर सकें।
इंस्पेक्टर रेखा कुमारी ने प्रशिक्षण के दौरान प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी, आपदा के समय धैर्य बनाए रखने, आपातकालीन संसाधनों के सही उपयोग एवं त्वरित प्रतिक्रिया जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। एन.डी.आर.एफ. टीम द्वारा विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि किस प्रकार आपदा के समय सही निर्णय जान-माल की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण को न केवल ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि विभिन्न बिंदुओं पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस तरह का प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्पोर्ट्स एवं एडवेंचर क्लब के संयोजक डॉ. सूरज रामटेके, डॉ. ललिता धुर्वे, डॉ. दिलेश इंदौरकर, डॉ. अभिलाषा दवंडे, श्री भोजराज कराले, कु. आंचल चटप सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय प्रशासन द्वारा एन.डी.आर.एफ. की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!