Advertisement

तृतीय वर्ग कर्मचारियों की हुंकार 15 जनवरी को पांढुर्णा कलेक्ट्रेट पर शक्ति प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन

तृतीय वर्ग कर्मचारियों की हुंकार
15 जनवरी को पांढुर्णा कलेक्ट्रेट पर शक्ति प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपेंगे ज्ञापन*

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर आगामी 15 जनवरी 2026 को संपूर्ण प्रदेश के साथ-साथ नवगठित जिला पांढुर्णा में भी तृतीय वर्ग कर्मचारियों द्वारा जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य कलेक्ट्रेट कार्यालय पांढुर्णा पहुंचकर माननीय कलेक्टर महोदय को अपनी 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि यह आंदोलन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कर्मचारियों के अधिकार, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों पर शासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से यह सामूहिक प्रदर्शन किया जा रहा है।

11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

संघ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रमुख मांगों में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान तिथि से महंगाई भत्ता देने, सभी कर्मचारियों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा का लाभ उपलब्ध कराने, नवनियुक्त कर्मचारियों को 70, 80 एवं 90 प्रतिशत वेतन देने के आदेश पर रोक लगाने तथा पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः लागू करने की मांग शामिल है।
इसके साथ ही शिक्षा एवं अनुसूचित जनजाति विभाग के शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नत एवं समयमान वेतनमान शीघ्र देने, लिपिक संवर्ग को मंत्रालयीन लिपिकों के समान ग्रेड-पे प्रदान करने, दैनिक वेतनभोगी, स्थायी कर्मी, आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है।
संघ ने अनुकंपा नियुक्ति एवं चतुर्थ श्रेणी की पदोन्नति में CPCT की अनिवार्यता समाप्त करने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति तिथि पर ही PPO सहित समस्त स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित करने, मोबाइल आधारित ई-अटेंडेंस प्रणाली पर रोक लगाने तथा वर्ष 1997 से नियुक्त गुरुजी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता लाभ देने की मांग भी उठाई है।

4:30 बजे होगा प्रदर्शन

तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ ने बताया कि 15 जनवरी 2026 को शाम 4:30 बजे सभी कर्मचारी कलेक्ट्रेट कार्यालय पांढुर्णा में एकत्रित होंगे। इसके पश्चात सामूहिक रूप से अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील

संघ ने पांढुर्णा जिले के समस्त कर्मचारी संगठनों, तहसील एवं ब्लॉक शाखाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों और प्रत्येक विभाग के कर्मचारियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इस आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों की एकजुटता और संख्या बल ही शासन तक उनकी आवाज पहुंचाने का सबसे मजबूत माध्यम है।

ये हैं आंदोलन के अपीलकर्ता

प्रांताध्यक्ष अतुल मिश्रा, जिला संरक्षक चंद्रशेखर इंगले, जिला अध्यक्ष राम गोपाल भोयर, जिला सचिव शत्रुघ्न मसतकर सहित नंदिता धुर्वे, शशिकांत बोकड़े, डी.के. जिचकार, शेषराव रेवतकर, प्रदीप डोबल, सुनील यावले, कमलाकर लव्हाले, संजय आसरे, ओमकार साहू, संजय डाबरे, सविता कठाने, प्रदीप कामोने, मधुकर चौधरी, जग्गुलाल ऊईके, अय्युब दिवान, विजय रहाटे, विजय घुघ्घुसकर एवं भारत ढोबारे ने संयुक्त रूप से कर्मचारियों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!