गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
“महिला को देता था शिपयार्ड की गोपनीय व सुरक्षा संबंधी जानकारी,”मिलते थे पैसे“

रोहित (आरोपी)

संतरी (आरोपी) फोटो सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
(सुलतानपुर) जहाज निर्माण व पोत संबंधी संवेदनशील गोपनीय डेटा पाकिस्तान भेजने के आरोप में गिरफ्तार जिले के गोसाईगंज के भटपुरा पूरे अनंतराम निवासी रोहित की पत्नी रीमा ने शनिवार को गोसाईगंज पुलिस को बताया कि उसके पति के मोबाइल पर एक महिला का फोन आता था। उसने रीमा को बताया था कि वह महिला सुपरवाइजर है, वह उसे शिप की डिटेल बताता था। बदले में उसके पास ऑनलाइन पैसा आता था।
रीमा ने बताया कि रोहित केरल में शिप पर इंसुलेशन का काम करता था। गत 25 सितंबर को रीमा को पैसों की जरूरत होने पर रोहित के पास फोन किया तो वह लंच कर रहा था। तभी केरल पुलिस ने उसका फोन जमा करा लिया था। कुछ देर बाद रोहित ने दूसरे नंबर से रीमा के पास फोन किया।
रीमा ने पुलिस के बारे में पूछा तो रोहित ने उसे बताया कि उसका मोबाइल केरल पुलिस ने जब्त कर लिया है। उसके पास शिप से जुड़ी मुंबई की एक महिला सुपरवाइजर फोन करती है। वह उसे शिप की डिटेल बताता था। इसके बदले में उसे वह पैसा भेजती थी। इसके अलावा कोई जानकारी साझा नहीं की। गत 29 अक्तूबर को रोहित घर आया था। तभी केरल पुलिस का फोन आया। 18 नवंबर को उसे केरल जाना था। इसके पहले ही 16 नवंबर को पुलिस उसे पकड़ कर ले गई। तब पता चला कि उन्हें जेल भेज दिया गया है। रोहित के साथ जयसिंहपुर के मैधन निवासी संतरी भी शिप काम करता था, लेकिन उसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं है।
गोसाईगंज थानाध्यक्ष राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि परिजनों की ओर से जो भी जानकारियां मिली हैं, उसे कर्नाटक पुलिस से साझा किया जाएगा। बताया कि पाकिस्तान कनेक्शन की जानकारी मिली है, उसकी तहकीकात परिजनों से भी की गई है।
“रोहित व संतरी की असलियत से अनजान थे ग्रामीण”
सुलतानपुर। जहाज निर्माण व पोत संबंधी संवेदनशील गोपनीय डेटा पाकिस्तान भेजने के आरोप में कर्नाटक के उडुपी जिले की पुलिस ने गोसाईगंज के भटपुरा पूरे अनंतराम निवासी रोहित और जयसिंहपुर के मैधन निवासी संतरी को गिरफ्तार किया। शनिवार को यह बात गांव में पता चली तो लोग दंग रह गए। दोनों आरोपियों के पास-पड़ोस के लोग बेहद सीधा जानते थे।
इस घटना के बाद से घर वाले उदास दिखे। शनिवार को रोहित व संतरी के परिजनों ने बताया कि दोनों एक साथ 29 अक्तूबर को केरल से अपने-अपने घर पहुंचे थे। रोहित मालपे स्थित कोचीन शिपयार्ड में इंसुलेटर पद पर कार्यरत था, जबकि संतरी केरल के कोच्चि स्थित कोचीन शिपयार्ड में काम करता था। दोनों को 16 नवंबर को स्थानीय पुलिस ने थाने पर पूछताछ के लिए बुलाया था, वहां पहले से मौजूद कर्नाटक की उडुपी पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ लेकर चली गई। रोहित कक्षा-10 की परीक्षा में फेल हो गया था। इसके बाद उसके पिता लल्ले दो साल पहले उसे अपने साथ लेकर केरल चले गए। उनके पिता का गत फरवरी माह में निधन हो गया। रोहित के परिवार में उसकी मां बिज्मा देवी, पत्नी रीमा व एक पुत्री ऋषिका है। वहीं, मैधन निवासी संतरी के परिवार में पत्नी सोनी देवी, पुत्र आर्यन, पुत्री आर्या व अनन्या हैं। संतरी कक्षा-आठ पास है। दोनों का गांव में लोगों के बीच उठना-बैठना कम था।
“रोहित का एक और संतरी का हैं दो मकान”
(सुलतानपुर) भटपुरा पूरे अंनतराम निवासी रोहित का दो कमरे का पक्का मकान है। उसी में उसका परिवार रहता है। वहीं, मैधन निवासी संतरी का दो मकान है। कच्चा मकान गांव में है, जबकि पक्का मकान गांव के बाहरी छोर पर बना है। उसके भाई मंतरी ने बताया कि पक्के मकान में अपने परिवार के साथ रहता है, उसमें दोनों भाइयों का हिस्सा है। कुछ साल पहले संतरी ने बनवाया था। मौजूदा समय में संतरी का परिवार कच्चे मकान में रहता है। दोनों के परिजनों ने रिहाई की मांग की है।
“सऊदी से लौटने के बाद केरल गया था संतरी”
जयसिंहपुर। मैधन निवासी संतरी के काम करने की रहस्यमय तरीके से घर वाले भी अनजान हैं। उसका भाई मंतरी अपने परिवार के साथ अलग पक्के मकान में रहता है। उसने बताया कि उसे अपने बड़े भाई के काम के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
मंतरी ने बताया कि लॉक डाउन से पहले 2015 में संतरी सऊदी गया था। वहां पर वह चार साल रहा। 2019 में वहां से वह वापस घर आया था। संतरी गत वर्ष दिसंबर माह में घर से कमाने के लिए केरल गया था। वहां पर वह किसके साथ क्या काम करता था, इसके बारे में उसने कुछ नहीं बताया था। घर वालों को सिर्फ यह पता है कि वह शिप पर कुछ काम करता था। जरूरत पड़ने पर वह घर पर ऑनलाइन पैसा भेजता था। जयसिंहपुर के प्रभारी कोतवाल दिवाकर दुबे ने बताया कि पुलिस ने शनिवार देर शाम मैधन गांव जाकर आरोपी संतरी के परिजनों से जानकारी ली है। जरूरत पड़ने पर उसे कर्नाटक पुलिस से साझा किया जाएगा। (संवाद)
“तनाव में था संतरी”
सोनी ने बताया कि गत 29 अक्तूबर को संतरी घर आया था तो वह तनाव में था। हालांकि उसने अपने तनाव में रहने का कारण नहीं बताया। वह बात-बात पर सोनी व बच्चों से झगड़ा करता था। झगड़े के बीच में वह पत्नी से दूसरा विवाह करने की बात भी करता था।
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
















Leave a Reply