स्वच्छता का महा आंदोलन: जनभागीदारी से गूंज उठा शहर
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नगर को स्वच्छ बनाने के लिये की गई ऐतिहासिक पहल

स्वच्छता लक्षित इकाई के तहत अधिक गंदगी वाले 20 स्थानों को चिन्हित कर जन आंदोलन चलाकर किया गया स्वच्छता श्रमदान
शहर को स्वच्छ बनाने के लिये जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, छात्र-छात्राओं के साथ ही सभी नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर दी अपनी भागीदारी
टीकमगढ़ म प्र से कविन्द पटैरिया पत्रकार
टीकमगढ़, 25 सितम्बर 2025/ स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत टीकमगढ़ नगर में आज ऐतिहासिक पहल करते हुये नगर पालिका द्वारा स्वच्छता लक्षित इकाई (सीटीयू) के तहत अधिक गंदगी वाले 20 स्थानों को चिन्हित कर जन आंदोलन चलाकर एक दिन, एक घंटा, एक साथ स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केन्द्रीय समाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार के साथ नगर में निवासरत सभी जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय, समस्त अधिकारी, कर्मचारी, सभी सामाजिक और धार्मिक संगठन, व्यापारिक संगठन, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीयजनों ने एक साथ, एक घंटा न सिर्फ स्वच्छता श्रमदान किया बल्कि शहर मे स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

स्वच्छता जन आंदोलन में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने अधिकारियांे तथा सामाजिक संठगन के लोगों के साथ पुरानी तहसील परिसर में सफाई की। इस दौरान उन्होंने परिसर में कचरे को स्वयं साफ किया तथा सीएमओ को निर्देशित किया कि साफ-सफाई के पश्चात यहां पर बोर्ड लगाकर निवासियों से कचरा नहीं फेकने के लिये कहा जाये। उन्होंने स्थानीय लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। साथ ही लोगों से अनुरोध किया कि प्रशासन के साथ अपनी भी जिम्मेदारी समझ कर शहर को स्वच्छ बनाये रखने में अपना योगदान दें।
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने सभी स्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही अभियान में श्रमदान भी किया। इस दौरान उन्होंने अभियान में शामिल छात्र-छात्राओं से स्वच्छता के महत्व के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से उनके अभिभावकों तथा अपने आस-पास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि यह अभियान 2 अक्टूबर तक ही सीमित नहीं है बल्कि आगे भी शहर को स्वच्छ बनाये रखने के लिये प्रयासरत रहें।
स्वच्छता जन आंदोलन अभियान के लिए चुने गये सभी 20 स्थान शहर के सबसे अधिक गंदगी वाले क्षेत्र थे, जहां सभी के सहयोग से एक घंटे के सफाई अभियान के बाद इन स्थानों की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। यह आयोजन लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें न केवल अपने घर-दुकान बल्कि सार्वजनिक स्थानों की सफाई के प्रति भी जिम्मेदार बनाना है।
सीएमओ नगर पालिका टीकमगढ़ ओमपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि अभियान की सफलता की खास बात यह है कि स्वच्छता की यह शून्य अनुदान आधारित पहल है। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिये सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों सहित शासकीय विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालयों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि सहित शहर के हर तबके के साथ मीटिंग की गई, जिसका परिणाम यह रहा कि हजारों की संख्या में लोगों ने आगे आकर स्वयं इस अभिनव पहल में अपना सहयोग किया तथा स्वच्छता जन आंदोलन के लिये आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराये। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें स्वच्छता गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

















Leave a Reply