गंगेश कुमार पाण्डेय
(ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
“समितियों से यूरिया नदारद, ताला बंद, खाली हाथ मायूस लौट रहे किसान”

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
(सुलतानपुर)धान की फसलों के बढ़ने के समय समितियों के स्टॉक यूरिया से खाली हो गए हैं। इसी वजह से क्षेत्रीय किसानों को वापस होना पड़ा है। अधिकारियों की ओर से निजी दुकानों का निरीक्षण करके उन्हें निर्धारित दामों में बिक्री करने के सख्त निर्देश जा रहे हैं। स्थिति देखते हुए समस्या और बढ़ने के आसार किसान जता रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि समय पर धान की फसल में यूरिया का छिड़काव नहीं किया गया तो पैदावार पर असर पड़ेगा।
शनिवार को कादीपुर, बल्दीराय, कूरेभार, भदैंया समेत कई समितियों पर ताला लटका हुआ पाया गया। मायूस होकर किसान घर को लौट आए। कुछ किसान प्राइवेट दुकानों से महंगे दाम पर यूरिया की खरीदारी कर रहे हैं।
..” जब खाद आएगी तब बटेगी”
कूरेभार। सैदखानपुर सहकारी समिति पर शनिवार सुबह समिति पर ताला बंद मिला। खाद की उम्मीद में पहुंचे किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा। किसान राम जनम, सुशीला समेत अन्य ने बताया कि सुबह से ताला बंद है। समिति के सचिव प्रणव दुबे ने बताया कि जो खाद उपलब्ध थी, उसे किसानों में बांट दिया गया है। अब अगली खेप आने के बाद वितरण किया जाएगा। संवाद
“निजी दुकानदार 400 रुपये में दे रहे यूरिया”
कादीपुर। क्षेत्र की सहकारी समितियों पर 300-300 बोरी यूरिया खाद आई थी। इसका वितरण दो दिन पहले कर दिया गया। अब बचे हुए किसान खाद के लिए भटक रहे हैं। किसानों का आरोप है कि समितियों पर खाद नहीं होने से निजी दुकानदार अधिक दाम ले रहे हैं। सलाहपुर गांव के किसान जवाहरलाल और लक्ष्मणपुर के सुरेश चंद्र ने बताया कि जब धान की फसलों में यूरिया की आवश्यकता है तो समितियों से खाद गायब है। मजबूरी में निजी दुकानदार के यहां से 400 रुपये में खाद खरीदनी पड़ी। संवाद
“समितियों से यूरिया नदारद, बढ़ी मुश्किलें”
द्वारिकागंज। धान की फसल का उत्पादन बढ़ाने के लिए उसे खुराक की आवश्यकता होती है। ऐसे में यूरिया खाद नहीं मिलने से पत्तियों के रंग पीले पड़ने के साथ ही रोगों और कीटों के प्रकोप से किसान भयभीत होने लगे हैं। शनिवार को क्षेत्र की सभी सहकारी समितियों पर यूरिया खाद नदारद रही। कटका पीसीएफ गोदाम पर भी खाद नहीं है। रैंक आने पर खाद मिलेगी का स्लोगन चस्पा कर दिया गया है। केंद्र प्रभारी सुरेंद्र मिश्र ने बताया कि गोदाम पर यूरिया खाद का स्टॉक समाप्त हो गया है। खाद आने के बाद किसानों को बांटी जाएगी। संवाद
“आज आएगी 1800 मीट्रिक टन यूरिया”
जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि रविवार को 1800 मीट्रिक टन यूरिया की रैक आएगी। जल्द 2650 मीट्रिक टन इफको की यूरिया रैक आने वाली है। किसानों को खाद के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है।
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश














Leave a Reply