न्यूज रिपोर्टर मनोज मूंधड़ा बीकानेर श्रीडूंगरगढ़
हेमासर गांव में बुधवार की रात मिले युवती के शव की शिनाख्त 17 वर्षीय सुशीला मेघवाल के रूप में हुई है। युवती की हत्या उसी के बॉयफ्रेंड ने की थी। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ इंद्र कुमार ने बताया कि सुशीला मेघवाल और गांव के ही युवक कोजाराम मेघवाल के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। कोजाराम ने युवती को बात करने के लिए मोबाइल खरीद कर दिया था। इन दिनों युवती की सगाई करने की बात किसी अन्य युवक से चल रही थी। इससे कोजाराम नाराज हो गया। उसने बुधवार रात को युवती को बात करने के लिए बुलाया। उसने युवती से अपना मोबाइल वापस मांगा। युवती ने देने से मना कर दिया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। मामला हाथापाई पर पहुंचा तो कोजाराम ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। उसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वापस वह उस होटल में चला आया, जहां पर वह नौकरी करता था।
युवती सुशीला रात को घर नहीं लौटी तो उसके परिजनों को शक हुआ। वे युवती को ढूंढते हुए कोजाराम की होटल पहुंच गए। वहां उसे धमका कर पूछा तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली। इस पर ग्रामीणों ने युवक को हमारे हवाले कर दिया। बुधवार रात को ही युवक को राउंड अप कर लिया था। गुरुवार को हत्या की पुष्टि होते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में युवती के भाई सुमेरमल मेघवाल ने कोजाराम और उसके दोस्तों पर उसकी बहन की हत्या का मामला दर्ज करवाया है। सुमेरमल ने आरोप लगाया है कि कोजाराम और उसके दोस्तों ने उसके बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। वे सफल नहीं हुए तो उन्होंने उसकी हत्या कर दी। एसएचओ ने बताया कि मृतक सुशीला का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है। गुरुवार को एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। इस मामले में अनुसंधान के बाद और बातें सामने आएगी।


















Leave a Reply