न्यूज रिपोर्टर मनोज मूंधड़ा बीकानेर श्रीडूंगरगढ़
1.रेल पटरियों के बीच और पानी टंकी के पास मिले शव पुलिस ने शुरू की छानबीन-
शुक्रवार सुबह एक युवक का शव रेल पटरियों के बीच मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं नया शहर पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति का शव भी मिला। व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। बाबूलाल रेल फाटक से कुछ दूर मिले युवक के शव की शिनाख्त राहुल खत्री के रूप में हुई है। युवक की जेब में पड़े आधार कार्ड में युवक का नाम राहुल पुत्र राजेंद्र निवासी चौखूंटी लिखा हुआ है।
दोनों शवों को खादिम खिदमतगार सोसायटी व असहाय सेवा संस्थान के कार्यकर्ता शोएब, ताहिर हुसैन, मोहम्मद जुनैद, राजकुमार खडगावत ने मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है।
2.पीबीएम के बच्चा वार्ड के सामने से मोटरसाईकिल पार-
पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद शहर में दुपहिया वाहनों की चोरी पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। हर रोज शहर में अलग-अलग स्थानों से दुपहिया वाहनों की चोरी की खबरें आ रही हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सन्नी कुमार लंगा पुत्र सत्यनारायण मेघवाल निवासी सर्वोदय बस्ती बीकानेर ने सदर पुलिस थाना में परिवाद दिया कि वह रविवार को पीबीएम के बच्चा वार्ड के सामने अपनी मोटरसाईकिल खड़ी कर अंदर कुछ काम से गया। जब वह थोड़ी देर बाद बाहर आया तो वहां मोटरसाईकिल नहीं थी। पुलिस द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा मामले में जांच साहबराम हैड कांस्टेबल को सौंपी गई है।
3.दिनदहाड़े व्यापारी के गल्ले से लाखों की नगदी पार-
शहर में चोरों के हौसले बुलंदी पर हैं। गंगाशहर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक व्यापारी की गल्ले से एक लाख बीस हजार रूपये की नगदी पार होने का मामला सामने आया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जैन कॉलेज के पास स्थित गुरु कृपा मार्बल्स के मालिक रामधन खीचड़ ने थाना में लिखित परिवाद दिया है कि अज्ञात चोरों द्वारा उसकी गैरमौजूदगी में दुकान का गल्ला तोड़कर उसमें रखी एक लाख बीस हजार रूपये की नगद राशि चुरा ली गई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में जांच गंगाशहर थाना के हैड कांस्टेबल मानवेन्द्रसिंह को सौंपी गई है।
4 ये भी गजब है .मात्र 30 मिनट में 14 खंभों का तार चोरी कर कर ले गए चोर-
चोर 14 खंभों का तार चोरी कर ले गए। चोरों ने इस चोरी को अंजाम देने के लिए मात्र 30 मिनट लगाए। इस संबंध में एसएच कंट्रैक्शन कंपनी के सुपरवाईजर सोहनराम ने छत्तरगढ़ पुलिस थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। परिवादी ने चोरी की यह वारदात छह मई को सुबह सात बजे से साढ़े सात बजे के बीच हुई। जहां चोर हैलीपेड नहर छत्तरगढ़ के पास 14 खंभों का तार चोरी कर ले गए। परिवादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
5.स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्यवाही 5000 लीटर घी किया सील-
श्रीगंगानगर में हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए रीको स्थित एक फैक्ट्री पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 5 हजार लीटर वनस्पति और देशी घी सील किया और मौके से 3 सैंपल लिए।
श्रीगंगानगर में कार्रवाई करती हेल्थ डिपार्टमेंट की टीम। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि विभाग को रीको स्थित महादेव इंडस्ट्री में नकली देसी घी तैयार किए जाने की जानकारी मिली थी। विभाग को आशंका थी कि यह देसी घी उड़ीसा, असम व रायपुर सहित अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाता है। वहीं राजधानी जयपुर सहित राज्य के अन्य हिस्सों में भी इस ब्रांड का घी सप्लाई होता है। जिस पर गुरुवार को टीम गठित कर फैक्ट्री पर दबिश दी गई। मौके पर वनस्पति और देसी घी पाया गया। टीम ने खुले में रखे गए वनस्पति और देसी घी के सैंपल लिए। मिलावट की आशंका के चलते टीम ने मौके पर ही 2750 लीटर वनस्पति और 2160 लीटर देसी घी सील किया। उन्होंने बताया कि सैंपल तत्काल लैब में भेजकर रिपोर्ट करवा कर कार्रवाई की जाएगी।
6.शहर के इस इलाके में मसाला फेक्ट्री में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान-
शहर के मुक्ता प्रसाद थाना इलाके में एक फैक्ट्री में लगी आग से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा हैं। जानकारी के अनुसार करणी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित लोंगी इंडस्ट्रीज में शोर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आगजनी की इस घटना में मशीनरी के साथ साथ मशालों में उपयोग लेने वाला सामान भी जलकर राख हो गया है। इंडस्ट्रीज के प्रवीण शर्मा ने बताया कि आग की सूचना उनके चौकीदार से मिली। जिस पर संबंधित थाना पुलिस को इतला करने के बाद अग्निशमन सेवा को फोन किया। जिस पर फायरमेन योगेन्द्र सिंह, जगदीश सेन, ड्राईवर महावीर सिंह तत्परता दिखाते होवे आग पर काबू पाया। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि 60 से 70 लाख रूपये का नुकसान हुआ है।
7.भाई-भाभी पर घर में जबरन घुसकर मारपीट का आरोप, मुकदमा दर्ज-
पारिवारिक रंजिश के चलते महिला के घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामला जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के चाण्डासर का बताया जा रहा है। मामले में दो महिलाओं सहित सात लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चाण्डासर निवासी नैना देवी थाना में शिकायत दर्ज करवाई की गत मंगलवार को जब वह घर में बैठी थी तो उसके भाई मोहनलाल व उसकी पत्नी सन्तोष ने अपने पुत्रों और पुत्री-दामाद के साथ घर में घुसकर उसके साथ जबरन मारपीट की। आरोपियों द्वारा बीच-बचाव करने आई प्रार्थिया की पुत्री के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने मामले में सातों आरोपियों के विरूद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रकरण में जांच गजनेर थाना के सहायत उप निरीक्षक भगवाना राम को सौंपी गई है।
बीकानेर-पढ़े जिले व आस-पास की खबरें एक साथ एक क्लिक में


















Leave a Reply