मतदानकर्मी मतदान की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझ लें- कलेक्टर श्री सिंह
मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण प्रारंभ
सत्यार्थ न्यूज़ के साथ मनीष माली की रिपोर्ट
सुसनेर /आगर मालवा 2 अप्रैल लोकसभा सामान्य निर्वाचन- 2024 के लिए जिले की दोनों विधानसभा के मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण मंगलवार को पुष्पा कॉन्वेंट स्कूल आगर में दो सत्रों में प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 03 अप्रैल तक दिया जायेगा।
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण स्थल पर मतदानकर्मियों को दिये जा रहे प्रशिक्षण का जायजा लिया तथा मतदानकर्मियों से कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने में मतदानकर्मी की भूमिका महत्वपूर्ण है, मतदानकर्मी प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए, मतदान की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझे, मतदान संबंधी सभी जिज्ञासाओ का मौके पर ही समाधान कर प्रशिक्षण हॉल छोड़ें, ईवीएम संचालन का अच्छे से अभ्यास कर ले तथा मतदान के एक दिन पूर्व, मतदान प्रारंभ होने से पहले एवं समाप्ति के बाद वाले सभी दायित्व को अच्छे से समझ ले ताकि चुनाव करवाने में कोई समस्या न हो। कलेक्टर ने मतदान कर्मियों से कहा कि प्रशिक्षण जितना गहन प्राप्त करेंगे उतना ही चुनाव करवाने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में त्रुटि क्षम्य नहीं होगी।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित लोकसभा चुनाव कार्यक्रम अनुसार विधानसभा सुसनेर (संसदीय क्षेत्र राजगढ़) में 7 मई तथा विधानसभा आगर (संसदीय क्षेत्र देवास-शाजापुर) 13 मई को मतदान होंगे। दोनों विधानसभा के मतदान संपन्न करवाने हेतु प्रशिक्षणार्थियों को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा मतदान दल के कर्तव्य एवं उत्तरदायित्व, पोलिंग एजेंटों की मतदान केंद्र पर नियुक्ति, मतदान केंद्र पर एक दिन पूर्व होने वाली कार्यवाही, मतदान के पूर्व की तैयारी एवं मॉक पोल, मॉक पोल के पश्चात मशीनों की सीलिंग, वास्तविक मतदान प्रारंभ, मतदान केन्द्र में प्रवेश के लिये अनुमति धारक व्यक्ति, मतदान केंद्र पर मतदाताओं के प्रवेश का विनिमय, मतदान केंद्र और आस-पास निर्वाचन विधि का प्रवर्तन, मतदान प्रक्रिया, मतदान समाप्ति पर कार्यवाही, निर्वाचन अभिलेख तैयार करना एवं पैकिंग तथा बीयू, सीयू एवं वीवीपीएटी को आपस में जोड़ने तथा ईव्हीएम की प्रारंभिक एरर को दूर करने आदि की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती मनीषा कौल, एसडीएम आगर श्री सर्वेश यादव, प्रशिक्षण नोडल अधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह सेंगर, स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर श्री सुशील कटारिया, श्री रजनीश स्वर्णकार आदि उपस्थित रहे।
















Leave a Reply