वाराणसी – काशी में गंदगी पर चला नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल का डंडा दो सफाई निरीक्षकों का वेतन रोका, तीन दिन में मांगा जवाब”
वाराणसी मे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नगर निगम आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निरीक्षण के दौरान पांडेयपुर और पहाड़ियां वार्ड में व्यापक गंदगी मिलने पर दो सफाई निरीक्षकों का वेतन अगले आदेश तक रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नगर आयुक्त द्वारा किए गए निरीक्षण में पांडेयपुर वार्ड के काली माता मंदिर से पांडेयपुर फ्लाईओवर तक, फ्लाईओवर के ऊपर तथा डिवाइडर के किनारे भारी मात्रा में कचरा और गंदगी पाई गई। इस पर संबंधित सफाई निरीक्षक सुजीत कुमार गुप्ता की कार्यप्रणाली को लापरवाहीपूर्ण मानते हुए उनका वेतन रोक दिया गया।
इसी तरह पहाड़ियां वार्ड के तालाब क्षेत्र, डिवाइडरों और अशोक विहार कॉलोनी पार्क संख्या-4 के आसपास भी बड़ी मात्रा में कचरा और मलबा जमा मिला। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि क्षेत्र में केवल औपचारिक सफाई की जा रही थी। इस मामले में सफाई निरीक्षक अश्विनी कुमार वर्मा को जिम्मेदार मानते हुए उनका वेतन भी रोक दिया गया।
नगर आयुक्त ने दोनों अधिकारियों से तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Leave a Reply