Advertisement

खनियांधाना नगर परिषद में नई व्यवस्था: अध्यक्ष छाया साहू ने पारिवारिक कारणों से लिया अवकाश

खनियांधाना नगर परिषद में नई व्यवस्था: अध्यक्ष छाया साहू ने पारिवारिक कारणों से लिया अवकाश

परिषद की बैठक में उपाध्यक्ष को प्रभार देने का प्रस्ताव हुआ पारित

खनियांधाना।
नगर परिषद खनियांधाना की प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव सामने आया है। परिषद की अध्यक्ष छाया साहू ने आगामी 1 अप्रैल 2026 से 30 मई 2026 तक के लिए अवकाश का एक पत्र मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) आशुतोष त्रिपाठी को सौंपा है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष ने यह पत्र 18/03/2026 को अपने आधिकारिक लेटर हेड पर लिखकर सीएमओ के नाम प्रेषित किया था।

पत्र में अध्यक्ष ने अपने ससुर के गंभीर स्वास्थ्य और उनके निरंतर चलने वाले डायलिसिस के कारण ग्वालियर व इंदौर की भागदौड़ का हवाला देते हुए अपनी असमर्थता जताई है। इस मामले में ताज़ा अपडेट यह है कि बीते रोज आयोजित परिषद की बैठक में अध्यक्ष के इस अवकाश और प्रभार हस्तांतरण के प्रस्ताव को औपचारिक रूप से स्वीकृति मिल चुकी है। परिषद ने नियमानुसार अध्यक्ष की अनुपस्थिति के दौरान उपाध्यक्ष राधा-अंकित चौहान को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया है।

15 पार्षदों वाली इस परिषद में जहां अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों ही कांग्रेस विचारधारा से ताल्लुक रखते हैं, वहां इस अस्थायी प्रभार को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा इस बात को लेकर भी है कि क्या यह केवल एक पारिवारिक मजबूरी है या परिषद के भीतर पार्षदों के बीच किसी आंतरिक सामंजस्य को बनाए रखने की कोई रणनीतिक पहल?

जानकार सवाल उठा रहे हैं कि 15 पार्षदों की इस टीम में, जिसमें एक निर्दलीय पार्षद भी शामिल है, क्या इस बदलाव के बाद परिषद की कार्यप्रणाली में कोई नई दिशा देखने को मिलेगी? सियासी गलियारों में यह भी कानाफूसी है कि मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 48 के तहत किया गया यह पावर ट्रांसफर क्या केवल दो महीने की प्रशासनिक व्यवस्था है या इसके पीछे भविष्य की कोई बड़ी राजनीतिक बिसात छिपी है। फिलहाल, परिषद की मुहर के बाद अब 1 अप्रैल से खनियांधाना नगर परिषद की कमान औपचारिक रूप से उपाध्यक्ष के हाथों में होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!