विशेष शिविर के तृतीय दिवस पर नशा मुक्ति जागरूकता रैली, व्याख्यान एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित
जिला आगर मालवा मध्य प्रदेश
रिपोर्टर मोहम्मद आलम खान
सत्यार्थ न्यूज़

आगर मालवा, 20 फरवरी। स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय सुसनेर में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ग्राम मैना में आयोजित विशेष शिविर के तृतीय दिवस, 20 फरवरी 2026 को नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर जागरूकता रैली, प्रेरक व्याख्यान तथा श्रमदान जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
नशा मुक्ति जनजागरूकता रैली ग्राम के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने “नशा अपनाओगे तो खुशियों से दूर हो जाओगे” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इसके पश्चात नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता अध्यापक श्री करण सिंह ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने नशा उन्मूलन में परिवार और समाज की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में स्वयंसेवकों द्वारा श्रमदान किया गया। सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य सहायक प्राध्यापक आकांक्षा श्रीवास्तव, रामकुमार अंजोरिया, डॉ. रेखा चंद्रपाल, बद्रीलाल डाबी एवं नितेश का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवक अमन सोनी ने किया। उक्त जानकारी राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी काशीराम प्रजापति द्वारा दी गई।

















Leave a Reply