अवैध बॉक्साइट खनन की कार्रवाई बनी बड़ा मामला, मारपीट में बुजुर्ग की मौत
लोकेशन – बलरामपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – प्रितेश गुप्ता
स्थान – करौंधा, हंसपुर
मोबाइल – 7247454589

बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के कोरंधा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हंसपुर में अवैध बॉक्साइट उत्खनन के खिलाफ की गई प्रशासनिक कार्रवाई अब गंभीर आपराधिक मामले में तब्दील हो गई है। 15 फरवरी 2026 की शाम जंगल क्षेत्र में तीन ग्रामीणों के साथ कथित मारपीट की घटना सामने आई थी।
घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश की मृत्यु हो गई। घटना के बाद कोरंधा थाना में मर्ग कायम कर पुलिस ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि अवैध खनन रोकने पहुंचे अधिकारियों और उनके साथ मौजूद व्यक्तियों द्वारा ग्रामीणों के साथ मारपीट की गई थी। इसी दौरान रामनरेश को गंभीर चोटें आईं, जिनके चलते उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले में कुसमी के एसडीएम करूण डहरिया सहित विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया जारी है।
घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई के तौर-तरीकों पर सवाल उठने लगे हैं। अवैध खनन पर सख्ती आवश्यक है, किंतु कार्रवाई के दौरान विधि-सम्मत प्रक्रिया और मानवाधिकारों का पालन भी उतना ही जरूरी माना जा रहा है।
इधर, मृतक के परिजनों को कलेक्टर द्वारा एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


















Leave a Reply