खनिज चेकिंग के दौरान ट्रकों पर पुलिसकर्मियों द्वारा पत्थर मारने के मामले में गिरी गाज, कोतवाल लाईनहाजिर, कई निलंबित
(सैफ राजा सोनभद्र संवाददाता)

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी टोला प्लाजा के पास खनिज चेकिंग बैरियर पर शुक्रवार की रात पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बड़ा हंगामा हो गया। वाहनों को रोकने के प्रयास में पुलिसकर्मी पत्थर मारते नजर आए, जिसका वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला सामने आने के बाद कोतवाल गोपालजी गुप्ता को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि अन्य आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। वहीं प्रशासन ने माधव सिंह को रॉबर्ट्सगंज का नया कोतवाल नियुक्त किया है।
ऐसे हुआ विवाद:
शुक्रवार रात करीब 11:40 बजे खनिज विभाग और पुलिस की टीम लोढ़ी बैरियर पर खनिज लदे वाहनों की जांच कर रही थी। तभी टोल प्लाजा की ओर से तीन वाहन पहुंचे। आरोप है कि जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो चालक तेजी से वाहन बढ़ाने लगे और खनिज सर्वेक्षक योगेश शुक्ला को कुचलने की कोशिश की।
पत्थरबाजी का वीडियो हुआ था वायरल:
जान बचाने के प्रयास में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहनों पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। घटना का 20 और 30 सेकेंड का वीडियो वायरल हो गया, जिसमें पुलिसकर्मी वाहनों पर पत्थर मारते दिख रहे हैं और मौके पर मौजूद लोग “रोकिए, रोकिए” की आवाज लगाते सुनाई दे रहे हैं। इसके बावजूद तीनों वाहन तेजी से निकल गए।
कार्रवाई और चर्चाएं:
वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। प्रशासन ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और वाहनों को रोकने के गलत तरीके अपनाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

















Leave a Reply