Advertisement

विकसित भारत की संकल्पना के लिए स्वदेशी ही है ब्रह्मास्त्र – अंकित पाठक

विकसित भारत की संकल्पना के लिए स्वदेशी ही है ब्रह्मास्त्र – अंकित पाठक

प्रेस वार्ता आयोजित कर स्वदेशी जागरण मंच ने विदेशी कंपनी भारत छोड़ो अभियान का किया आगाज

सिरोंज देवेन्द्र विश्वकर्मा सत्यार्थ न्यूज

नगर के बस स्टैंड स्थित विद्यार्थी पत्रकार भवन में शनिवार को स्वदेशी जागरण मंच द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को अगस्त क्रांति एवं उसके ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराना और विदेशी कंपनी भारत छोड़ो अभियान की शुरुआत करना था। स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रशिक्षक अंकित पाठक ने बताया कि 8 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक भारत छोड़ो आंदोलन का आगाज किया था। उसी की तर्ज पर आज विदेशी कंपनियों के खिलाफ विदेशी कंपनी भारत छोड़ो अभियान का शंखनाद किया जा रहा है। इस अभियान में संघ परिवार के वैचारिक संगठनों के साथ-साथ सामाजिक, राजनीतिक, व्यापारी, युवा और किसान संगठनों सहित 200 से अधिक संगठन शामिल होकर आंदोलन को गति प्रदान कर रहे हैं। अंकित पाठक ने कहा कि इस अभियान के तहत पूरे जिले में अगस्त क्रांति सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान विदेशी कंपनियों और उनके उत्पादों की सांकेतिक होली जलाने, रैली, नुक्कड़ नाटक, पत्रक वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाने और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। सामूहिक रूप से स्वदेशी अपनाने के संकल्प भी दिलाए जाएंगे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान के जिला समन्वयक और राज्य कर्मचारी संघ के संभाग अध्यक्ष परस राम दुबे ने कहा कि यदि भारत को विश्व शक्ति बनना है तो हमें स्वदेशी और स्वावलंबी बनना होगा। उन्होंने बताया कि आज की वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों में हर देश अपने हित देख रहा है, ऐसे में भारत को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वदेशी को आधार बनाना होगा। दुबे ने स्पष्ट किया कि इस प्रेस वार्ता का उद्देश्य केवल विदेशी उत्पादों का विरोध करना नहीं है, बल्कि आमजन में स्वदेशी जीवनशैली अपनाने की जागरूकता बढ़ाना है। इससे न केवल देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि रोजगार और उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के विभाग सह संयोजक सुखजीत सिंह काके, विभाग सदस्य तरूण यादव, जिला सह संयोजक प्रमोद रघुवंशी, तहसील सह संयोजक ललित रघुवंशी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान के तहत विदेशी सामान की जलेगी होली –
देश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ आगामी दिनों में विदेशी कंपनियों के सामान की होली जलाने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रत्येक गांव, बस्ती और शहर में आयोजित होगा। अंकित पाठक ने बताया कि इस आंदोलन के माध्यम से लोगों में विदेशी उत्पादों के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। अभियान के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसभा, नारेबाजी और रैलियों का आयोजन होगा, ताकि हर वर्ग के लोग इससे जुड़ सकें। उनका कहना है कि यह सिर्फ प्रतीकात्मक विरोध नहीं, बल्कि आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में एक ठोस कदम है। उनका मानना है कि विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाकर स्थानीय उद्योग, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग को बढ़ावा दिया जा सकता है।

लोकल उत्पादों को बढ़ावा देना है मुख्य उद्देश्य –
स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन के लिए सरकार एवं प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि गांव, शहर और जिला स्तर पर लोकल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाना और उनके लाभ को वहीं के लोगों तक पहुंचाना है।इस अभियान के तहत अधिक से अधिक जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोग स्थानीय उत्पाद खरीदने और बेचने के लिए प्रेरित हों। इसके लिए तहसील स्तर पर विशेष पत्रक प्रकाशित किए जाएंगे, जिनमें उन उद्यमियों की कहानियां शामिल होंगी, जो अपने नवाचार और मेहनत से कारोबार खड़ा कर रहे हैं।

लोकेशन सिरोंज जिला विदिशा
रिपोर्टर देवेन्द्र विश्वकर्मा

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!