सोनभद्र के डॉ. बृजेश महादेव को मिला “ग्लोबल डायमंड आइकन अवार्ड”
– 15 देशों के 200 विशिष्ट प्रतिभाओं को किया गया है सम्मानित
– राजस्थान प्रांत के जयपुर में मिला है यह सम्मान
सोनभद्र /सत्यनारायण मौर्य/संतेश्वर सिंह

सोनभद्र। जिले के चोपन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत भरहरी के नवाचारी शिक्षक एवं साहित्यकार डॉ. बृजेश कुमार सिंह “महादेव” को भव्या फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय मैत्री सम्मेलन में “ग्लोबल डायमंड आइकन अवार्ड–2026” से सम्मानित किया गया। यह भव्य समारोह जयपुर स्थित सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी के कालिंदी ऑडिटोरियम में 5 अप्रैल को आयोजित हुआ, जिसमें 15 देशों सहित लगभग 200 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
डॉ. बृजेश महादेव वर्तमान में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी, नगवां (सोनभद्र) में वरिष्ठ शिक्षक एवं ब्लॉक स्काउट मास्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें यह सम्मान शिक्षा, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. महादेव इससे पूर्व भी एशियन एजुकेशन अवॉर्ड, नेशनल बिल्डर्स अवॉर्ड एवं राज्य आईसीटी अवॉर्ड जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं।
वे एक प्रख्यात शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान केवल कक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि संस्थागत विकास, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान तक विस्तृत है।
उनके द्वारा एक दर्जन से अधिक पुस्तकों का लेखन एवं प्रकाशन किया जा चुका है। डॉ बृजेश महादेव सर्च लुक शोध पत्रिका, साहित्य सरोवर ई-पत्रिका एवं बैसवार दर्पण सामाजिक पत्रिका का संपादन भी कर रहे हैं।
डॉ. महादेव का मानना है कि
“शिक्षा ही समाज परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है।” वे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, सोनभद्र के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु हरियाली आंदोलन का संचालन भी कर रहे हैं। उनका संदेश स्पष्ट है—“जहाँ है हरियाली, वहाँ है खुशहाली।”
इस अवसर पर भव्या फाउंडेशन के संस्थापक शैलेन्द्र माथुर एवं निदेशक डॉ. निशा माथुर द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देश के कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। जनपद सोनभद्र का मान बढ़ाने पर डॉ. बृजेश महादेव को शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।














Leave a Reply