गङ्गेश कुमार पाण्डेय
( ब्यूरोचीफ )सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
“ पुलिस मुठभेड़ में सुरहुरपुर गांव के पास, साका गिरोह के दो बदमाश हुए गिरफ्तार

सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर:
(दोस्तपुर) सुरहुरपुर बाजार के पास रविवार रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शाका गिरोह के दो बदमाशों मोलू ठाकुर और आदित्य को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। रविवार सुबह ही पुलिस ने गैंग के सरगना शाका व उसके एक साथी बाबा को गिरफ्तार किया था।
मोतिगरपुर के दियरा राजमहल के पीछे पिछले दिनों दो गैंगों के बीच गैंगवार का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने रविवार सुबह गोसाईंगंज के बलरामऊ के पास मुठभेड़ में एक गिरोह के सरगना शक्ति सिंह उर्फ शाका व उसके दोस्त देवदत्त सिंह उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उनके साथी रजत सिंह उर्फ राका, निवासी जासापारा गोसाईंगंज, कन्हई निषाद उर्फ कन्हैया निवासी मौघाड़ा, गोसाईंगंज व राजमंगल सिंह उर्फ मोलू ठाकुर, निवासी पहाड़पुर पट्टी, दोस्तपुर भाग निकले थे। रविवार रात करीब 11.30 बजे दोस्तपुर के सुरहुरपुर गांव के पास दोस्तपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी की। इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन लोग आते दिखे। पुलिस को देखकर बदमाशों ने असलहों से फायरिंग शुरू कर दिया।
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो दो बदमाश घायल हो गए। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक भाग निकला। पकड़ा गया एक बदमाश राजमंगल सिंह उर्फ मोलू ठाकुर, पहाड़पुर, रायपट्टी, दोस्तपुर का रहने वाला है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। दूसरा बदमाश आदित्य सिंह, गुंडा कुंवर, छावनी, जिला बस्ती का रहने वाला है। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। दोनों के पास से दो असलहे, कारतूस व एक बाइक मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों बदमाश शक्ति सिंह उर्फ शाका गिरोह से जुड़े हैं। दोनों को दोस्तपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर से मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर रेफर कर दिया गया है। तीसरा बदमाश दीपक सिंह निवासी कटघरा, चिरानेपट्टी, दोस्तपुर भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
————-
जेल जाने के पहले शाका और बाबा ने पुलिसकर्मियों को दी धमकी
– रविवार को मुठभेड़ में पकड़े गए थे दोनों बदमाश, कोतवाली नगर में केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अमहट (सुल्तानपुर)। दियरा राजमहल के पीछे गैंगवार के बाद रविवार सुबह मुठभेड़ में पकड़े गए गिरोह के सरगना शक्ति सिंह उर्फ शाका व उसके सहयोगी देवदत्त सिंह बाबा ने कोर्ट से जेल जाते समय पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग करते हुए आरोपियों को किसी तरह से जेल भेजा। कोतवाली नगर में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
गोसाईंगंज के बलरामऊ के पास रविवार सुबह गोसाईंगंज पुलिस की दियरा राजमहल के पास हुए गैंगवार में शामिल गिरोह के सरगना शक्ति सिंह उर्फ शाका, देवदत्त सिंह उर्फ बाबा निवासीगण जासापारा गोसाईगंज के साथ मुठभेड़ हो गई थी। मुठभेड़ में दोनों बदमाश पकड़ लिए गए थे। रविवार को पुुलिस ने शक्ति सिंह उर्फ शाका व देवदत्त सिंह उर्फ बाबा को कोर्ट में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेजने का आदेश दिया गया। कोर्ट के आदेश पर गोसाईंगंज थाने के उप निरीक्षक शाका व बाबा को लेकर हेड कांस्टेबल सत्यानंद पासवान, प्रमोद कुमार, विकास तिवारी व राहुल चौधरी के साथ सरकारी जीप से लेकर जिला कारागार पहुंचाने जा रहे थे। आरोप है कि जिला कारागार पहुंचने पर दोनों आरोपियों को सरकारी वाहन से उतारकर पुलिस वाले जेल के अंदर ले जा रहे थे। रात करीब साढ़े आठ बजे जेल से लगभग 40 मीटर पहले ही आरोपी शक्ति सिंह उर्फ शाका व देवदत्त सिंह ने धमकी देते हुए कहा कि पुलिस मुठभेड़ में हम लोगों को गोली लगी है, जेल से बाहर आएंगे तो अपने साथी रजत सिंह उर्फ राका, अंकित मिश्र मोटू नानेमउ और आदर्श सिंह के साथ मिलकर पुलिस वालों से गोली का बदला गोली से जरूर लेंगे। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार ने बताया कि उप निरीक्षक भारत सिंह की तहरीर पर दोनों आरोपियों समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
















Leave a Reply