गङ्गेश कुमार पाण्डेय
( ब्यूरोचीफ) सत्यार्थ न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश
“कैसे हो धान की रोपाई, साधन सहकारी समितियों पर नहीं आई डाई, दर-दर भटकने पर भी अन्नदाता के हाथ मायूसी आई “
( ब्यूरोचीफ) गंगेश कुमार पाण्डेय की विशेष रिपोर्ट

सत्यार्थ न्यूज़ सुल्तानपुर:
खरीफ फसल की बोआई और धान की रोपाई के समय साधन सहकारी समितियों से डीएपी नदारद है। मजबूरी में किसान निजी दुकानदारों के यहां महंगे रेट पर डीएपी की खरीदारी कर रहे हैं। शनिवार को बल्दीराय, धनपतगंज और कूरेभार में सहकारी समितियों की पड़ताल की गई तो किसी भी समिति पर डीएपी नहीं दिखी।
“महंगे दाम पर बेच रहे खाद”
धनपतगंज क्षेत्र के ऐंजर, मायंग, जूड़ापट्टी, कुट्टा, सोहागपुर, प्रतापपुर, बिसावां, सेमरौना की साधन सहकारी समिति पर शनिवार को डीएपी नहीं मिली। किसान शिव बख्श सिंह और प्रेम शंकर ने बताया कि 1350 रुपये प्रति बोरी मिलने वाली डीएपी को दुकानों से 1450 से 1600 रुपये में खरीदनी पड़ रही है। सचिव श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि जल्द ही खाद आ जाएगी।
“सुपर व नैनो खाद का कर रहे प्रयोग”
कुड़वार की साधन सहकारी समिति भंडरा और कुड़वार में नैनो (लिक्विड) डीएपी मौजूद है। किसान शमशाद ने बताया कि डीएपी नहीं मिलने से जैविक खाद और यूरिया मिलाकर धान की रोपाई करवा रहे हैं। किसान राजाराम यादव ने कहा कि सुपर और यूरिया से काम चलाया जा रहा है। सचिव दीपक पाठक ने बताया कि समिति पर 100 बोरी यूरिया, नैनो डीएपी व यूरिया लिक्विड में उपलब्ध है।
“पैसा जमा होने के बाद भी नहीं भेजी खाद”
बल्दीराय क्षेत्र में डीएपी खाद के लिए मारामारी मची है। एक माह से कई समितियों ने पैसा जमा कर रखा है, डीएपी नहीं आई। अपर जिला सहकारी अधिकारी ज्ञानचंद्र यादव ने बताया कि जिन समितियों का पैसा जमा है, वहां खाद भेजी जाएगी।
“कृषि वैज्ञानिकों ने बताए डीएपी के विकल्प”
कमला नेहरू कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डॉ. सीके त्रिपाठी कहते हैं कि डीएपी के कई विकल्प हैं। एक बोरी डीएपी की जगह तीन गुना सिंगल सुपर फास्फेट का इस्तेमाल किया जा सकता है। धान की रोपाई के समय बेरन को नैनो डीएपी का घोल बनाकर उसकी जड़ों को डुबाे दें। रोपाई के 15 दिन बाद यूरिया का छिड़काव करें। डॉ. हिमांशु ने बताया कि विकल्प के रूप में किसान सुपर का इस्तेमाल करें।
“26,000 क्विंटल डीएपी की मांग”
एआर कोऑपरेटिव आंजनेय कुमार ने बताया कि 26,000 क्विंटल डीएपी की मांग है। इसमें 13,000 क्विंटल डीएपी स्वीकृत हुई है। पारादीप, ओडिसा से एक सप्ताह तक खाद आने की उम्मीद है।
“निरीक्षण में एक लाइसेंस निलंबित”
जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने शनिवार को कूरेभार बाजार में दुकानों का निरीक्षण किया। दानिश फर्टिलाइजर राघवपुर की जांच की गई। स्टॉक बोर्ड नहीं लगाए जाने पर चेतावनी दी गई। रागिनी फर्टिलाइजर बझना की दुकान बंद पाई गई। इसके लिए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। महादेव फर्टिलाइजर महादेवपुर बझना का स्टॉक बोर्ड नहीं लगाया था। इसके लिए उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उधर, लंभुआ, भदैंया और पीपी कमैंचा में विधायक सीताराम वर्मा ने कृषि विभाग की ओर से मिनी किट उड़द, अरहर और रागी के बीज का वितरण कराया गया!
सत्यार्थ ब्यूरो न्यूज़ सुलतानपुर, उत्तर प्रदेश















Leave a Reply